शनिवार, 28 मार्च 2020

दिल्ली सरकार ने 8 लाख बुजुर्गों, विकलांगों और विधवा पेंशन लाभार्थियों के खाते में 5-5 हजार रुपये भेज दिए, अप्रैल के प्रथम सप्ताह में 5-5 हजार और देंगे : अरविंद केजरीवाल

संवाददाता : नई दिल्ली


      दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कोरोना के खतरे और लाॅक डाउन की वजह से बेरोजगार हुए दूसरे प्रदेश के रहने वाले लोगों से दिल्ली छोड़ कर अपने घर नहीं जाने की अपील की है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सभी लोगों के खाने का इंतजाम किया जा रहा है। कोई भी दिल्ली छोड़ कर अपने घर न जाए। उन्होंने घर जा रहे उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड व बंगाल समेत अन्य राज्य के लोगों से बार्डर से वापस लौटकर आने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि 8 लाख बुजुर्ग, विकलांग और विधवाओं के खाते में सरकार ने 5-5 हजार रुपये की सहायता राशि भेज दी है। अप्रैल के पहले सप्ताह में सभी के खाते में 5-5 हजार रुपये और भेज दिए जाएंगे। उन्होंने कोरोना से लड़ने के लिए सभी लोगों के सहयोग की अपील भी की है।

 

भगवान न करें ऐसा हो, लेकिन प्रतिदिन 1000 केस आते हैं तो उसका इंतजाम कर रहे हैं- अरविंद केजरीवाल

 

दिल्ली में कोरोना के बढ़ते प्रकोप को नियंत्रित करने और लाॅक डाउन की वजह से लोगों को आ रही समस्याओं के ताजा हालात पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एलजी अनिल बैजल के साथ बैठक कर समीक्षा की। इस दौरान दिल्ली सरकार के मंत्रियों के अलावा पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। डिजिटल प्रेस कांफ्रेंस कर समीक्षा की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि डाॅक्टर की एक टीम ने कोरोना के केस बढ़ने की दशा में की जाने वाली तैयारियों को लेकर विस्तार से अपनी रिपोर्ट दी है। हमें पूरा विश्वास है कि दिल्ली में जिस तरह से स्थिति अभी काबू में है, वैसी ही आगे भी रहेगी। अभी दिल्ली में कुल 39 केस हैं। 39 केस में से 29 विदेश से आए लोगों के हैं और मात्र 10 केस ऐसे हैं, जो स्थानीय संक्रमण के चलते हुए हैं। अभी स्थिति बहुत नियंत्रण में है। हम उम्मीद करते हैं और भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं कि दिल्ली में कोरोना नहीं फैलेगा, लेकिन हम हाथ पर हाथ रख कर नहीं बैठेंगे। दूसरे देशों से अनुभव लेकर अगर हमें अपनी तरफ से तैयारियां करके रखनी पड़ेगी।

 


 

अगर दिल्ली में कोरोना वायरस तेजी से फैलता है, तो क्या हम उसके लिए तैयार हैं। कहीं ऐसा न हो कि दिल्ली में अचानक फैल जाए और हम तैयार नहीं हों। इसलिए उसकी तैयारी के लिए हमने 5 डाॅक्टर की टीम बनाई थी। उन्होंने जो रिपोर्ट दी थी, उस रिपोर्ट के मुताबिक हमने सभी तैयारियां पूरी कर ली है।

 

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगर 100 केस प्रतिदिन हों तो उसकी तैयारियां कर ली गई हैं। यह 100 केस कुल नहीं हैं। मसलन, 26 मार्च को कुल 36 केस थे। 27 मार्च को 39 केस हुए। एक दिन में 3 केस बढ़ गए। इसी तरह, अगर एक दिन में 100 केस बढ़ जाएंगे, तो उसके लिए भी हमारी तरफ से तैयारियां हो गई है। मान लीजिए कि एक दिन में 500 केस हो गए, तो उसके लिए भी हम तैयार हैं और एक दिन में 1000 केस भी बढ़ जाएंगे, तो उसके लिए भी दिल्ली सरकार तैयार है। इसके लिए सभी टेस्टिंग किट का इंतजाम कर लिया गया है। एंबुलेंस का इंतजाम कर लिया है। आईसीयू बेड का इंतजाम कर लिया है। हम पीपीपी का इंतजाम कर रहे है। थोड़ी कमी है, लेकिन इसका भी इंतजाम कर लेंगे।

 

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पूर्व से की जा रही इन सब तैयारियों का मतलब यह बिल्कुल भी नहीं है कि कोरोना बढ़ने वाला है। मैं बिल्कुल यह नहीं कह रहा हूं। हम पूरी कोशिश कर रहे हैं कि यह बिल्कुल भी न बढ़े। प्रधानमंत्री जी ने पूरे देश में लाॅक डाउन इसलिए ही किया है कि आगे न बढ़े। हमें उम्मीद भी है कि यह आगे नहीं बढ़ेगा, लेकिन हम अपनी तरफ से सभी तैयारियां कर रहे हैं। उन सभी तैयारियों को करने से हम लोग आश्वस्त हैं। भगवान न करे कि ऐसी स्थिति आए।

 

किसी को दिल्ली छोड़ कर जाने की जरूरत नहीं है, सभी के खाने का इंतजाम हम कर रहे- अरविंद केजरीवाल

 

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज से हम लोग 2 लाख लोगों को खाने का इंतजाम किया है। खाने के दौरान हो सकता है कि थोड़ी-बहुत समस्याएं आएं। मैं यह नहीं कर रहा हूं कि कोई समस्या नहीं आएगी। यह भी नहीं कह रहे हैं कि हमारा इंतजाम पूरा पुख्ता है। हमारी कोई वहां पर गलतियां हो सकती हैं। मीडिया से निवेदन है कि आप हमारी गलतियां बताते रहिए, ताकि हम उन गलतियों को ठीक करते रहें। आप 2 लाख लोगों को खाना खिलाने का पहला दिन था। अब हम कल (28 मार्च) को 4 लाख लोगों के खाने का इंतजाम कर लेंगे। एक-दो दिन के अंदर अन्य चीजें सुचारू हो जाएंगी। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, बंगाल आदि के जितने लोग दिल्ली को छोड़ कर जा रहे हैं। उनसे मेरी हाथ जोड़ कर विनती है कि दिल्ली छोड़ कर आपको जाने की जरूरत नहीं है। आपके खाने का इंतजाम हम लोग कर रहे हैं। जो लोग बार्डर के पास पहुंच गए हैं, वे लोग वापस आ जाएं। आप सब के लिए हम जगह-जगह खाने का इंतजाम कर रहे हैं। खाने का इंतजाम सरकार भी कर रही है और कई सारी धार्मिक संस्थाएं और सामाजिक संस्थाएं भी कर रही हैं। इन सभी का हम धन्यवाद करते हैं।

 

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि एक अच्छी बात यह है कि 8 लाख लोगों के पेंशन का पैसा उनके खाते में पहुंच गया है। सभी के खाते में 5-5 हजार रुपये भेजे गए हैं। इसमें 5 लाख बुजुर्ग हैं, 1 लाख विकलांग हैं और 2 लाख विधवाओं की पेंशन है। इसके अलावा, इन लोगों के खाते में अप्रैल के पहले सप्ताह में 5-5 हजार रुपये और डाल देंगे। आप सभी लोगों का सहयोग चाहिए और हमें पूरी उम्मीद है कि हम सभी लोग मिल कर कोरोना का अच्छे से मुकाबला कर सकते हैं।