शुक्रवार, 13 मार्च 2020

मुख्यमंत्री ने वन अग्नि रोकथाम और नियन्त्रण जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखा रवाना किया...

संवाददाता : शिमला हिमाचल


      मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने यहां ओक ओवर से चार वन अग्नि रोकथाम और नियन्त्रण जागरूकता वाहनों को रवाना किया।

 

इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जगंलों की आग से वन संपदा और वन्य जीवन को भारी नुकसान होता है इससे निपटने के प्रशासनिक और तकनीकी उपायों को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जगंलों में अधिकतर आग की घटनाएं मनुष्य की गलतियों के कारण होती हंै। आग की घटनाओं को नियन्त्रित करने के लिए आम लोगों और स्थानीय समुदायों की जन सहभागीता बहुत जरूरी है।

 


 

उन्होंने कहा कि वनों की आग से निपटने के लिए स्थानीय जनता कोे जागरूक करना आवश्यक है। लोगों को जंगलों की आग के विषय में जागरूक करने के लिए विभिन्न वन खंडों के पांच संवेदनशील क्षेत्रों में 20 मार्च, 2020 तक अभियान चलाया जाएगा।

 

उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न भागों में आम लोगों को इस अभियान के अन्तर्गत प्रदर्शनी, वार्ता और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से वनों को आग से बचाने और नियन्त्रित करने लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने लोगों से इस अभियान को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग देने का आग्रह किया ताकि प्रदेश की बहुमूल्य वन संपदा को आग से बचाया जा सके।

 

वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, प्रधान मुख्य अरण्यपाल (वन) अजय कुमार, प्रधान मुख्य अरण्यपाल (वन्य जीव) डाॅ. सविता और विभाग के अन्य अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।