शनिवार, 25 अप्रैल 2020

होम क्वारंटाइन के उल्लंघन में 06 माह के बच्चे और 3 साल की बच्ची पर मुकदमा, जेई सस्पेंड...

प्रजा दत्त डबराल @ उत्तरकाशी उत्तराखंड 


      होम क्वारंटाइन के उल्लंघन के आरोप में राजस्व पुलिस में छह माह के बच्चे और तीन साल की एक बच्ची के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले से प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने इस मामले में संबंधित क्षेत्र के कोविड-19 मजिस्ट्रेट को निलंबित कर दिया है। उत्तरकाशी में यह मामला मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाला है।


जुवेनाइल एक्ट के तहत आठ वर्ष से कम उम्र के बच्चों पर कोई भी मुकदमा दर्ज नहीं हो सकता है।लॉकडाउन होने के दौरान चिन्यालीसौड़ राजस्व क्षेत्र के एक गांव में पंचकुला हरियाणा से एक परिवार अपने दो बच्चों के साथ गांव पहुंचा। इस परिवार को होम क्वारंटाइन के निर्देश दिए गए थे। आरोप है कि परिवार ने होम क्वारंटाइन का पालन नहीं किया। इसकी शिकायत जिलाधिकारी तक पहुंची।



जिलाधिकारी के आदेश पर कलक्ट्रेट ओसी चतर सिंह चौहन ने चिन्यालीसौड़ तहसील क्षेत्र में होम क्वारंटाइन का पालन न करने वाले 51 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए।इसमे चार लोग थाना धरासू क्षेत्र के थे। जिनके खिलाफ रेगुलर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। लेकिन, 47 लोग राजस्व क्षेत्र के थे। इसी 47 लोगों की सूची में एक छह माह का बच्चा और एक तीन साल की बच्ची का नाम और उनके माता पिता का नाम भी शामिल था।


राजस्व पुलिस के पास जैसे ही सूची पहुंची। राजस्व पुलिस होम क्वारंटाइन का पालन न करने और दूसरों के जीवन को खतरे में डालने के आरोप में इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।छह माह के बच्चे और तीन साल की बच्ची पर मुकदमा दर्ज हुआ तो क्षेत्र के लोगों इस पर कड़ी अपत्ति जतायी। इसी भनक प्रशासन को लगी तो प्रशासन में हड़कंप मच गया।


आनन फानन में जिला मजिस्ट्रेट जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित क्षेत्र के कोविड-19 मजिस्ट्रेट गिरीश सिंह राणा को निलंबित किया। गिरीश सिंह राणा सिंचाई खंड उत्तरकाशी में सहायक अभियंता के पद पर तैनात हैं।