मंगलवार, 9 जून 2020

पालक की सब्जी खाना स्वास्थ्य के लिए सबसे बेहतर,शरीर का देगा शक्ति...

कविता रावत  @ कोटद्वार उत्तराखंड 


      पालक की सब्जी खाना स्वास्थ्य के लिए सबसे बेहतर माना जाता है, क्योंकि पालक में आयरन काफी मात्रा में पाया जाता है। आयरन का महत्व इसलिए है क्योंकि यह लाल रक्त कणिकाओं को बढ़ाता है और यह शरीर के हर अंग तक ऑक्सीजन पहुंचाता है, जिससे शरीर का हर अंग ठीक तरह से कार्य करने में सक्षम होता है। यही नहीं पालक एक दवा की तरह कार्य करता है, कैसे आइए जानते हैं –



खून की कमी दूर करता है : 
डॉ. लक्ष्मीदत्ता शुक्ला  के अनुसार, पालक में भरपूर मात्रा में आयरन होने के कारण इसके सेवन से शरीर में खून की कमी दूर होती है। जो लोग एनीमिया से ग्रसित हैं, उन्हें अपने भोजन में पालक को जरूर ही शामिल करना चाहिए।


डायबिटीज के लिए फायदेमंद : 
पालक में कैलोरी काफी कम मात्रा में होती है, इसलिए डायबिटिक मरीजों पर इसका कोई बुरा प्रभाव नहीं पड़ता है। इसके अलावा पालक में कुछ ऐसे तत्व होते हैं, जो रक्त में ग्लूकोज की मात्रा को नियंत्रित करते हैं, जिससे शुगर लेवल नहीं बढ़ता है।


गर्भवती महिलाओं के लिए सेहतमंद : 
गर्भवती महिलाओं को अपने शुरुआती गर्भावस्था के दौरान आयरन की कमी होती है, इसलिए गर्भवती महिलाओं को नियमित रूप से पालक का सेवन करते रहना चाहिए। गर्भ में जब भ्रूण विकसित होता है, तो उसके निर्माण में भी शरीर को रक्त की आवश्यकता होती है, ऐसे में शरीर में लाल रक्त कणिकाओं के निर्माण में पालक अहम भूमिका निभाता है।


शरीर की मजबूती में सहायक : 
पालक में फ्लेवोनॉइड एंटीऑक्सीडेंट मौजूद होते हैं, जिससे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। इसके अलावा हृदय संबंधित रोगों से लड़ने में भी यह तत्व सहायक होता हैं। पालक में बीटा कैरोटीन और विटामिन सी भी पाया जाता है, जो शरीर में होने वाली किसी भी क्षति से बचाता है।