मंगलवार, 29 दिसंबर 2020

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 30 दिसंबर को डिजिटल इंडिया अवार्ड, 2020 सम्मान से बिहार को सम्मानित करेंगे...

 संवाददाता : पटना बिहार

बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें  :

पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्व. अरुण जेटली की जयंती के अवसर पर मुख्यमत्री नीतीश कुमार ने 1 अणे मार्ग स्थित लोक संवाद में उनके तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया एवं श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी समेत कई गणमान्य लोगों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
 
बिहार सरकार के बेहतरीन प्रयासों को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है। महामहिम राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 30 दिसंबर को डिजिटल इंडिया अवार्ड, 2020 सम्मान से बिहार को सम्मानित करेंगे। यह सम्मान कोरोना काल में राज्य सरकार द्वारा बिहार के लोगों को समय से राहत पहुंचाने के लिए प्रदान किया जा रहा है।
 
मार्च, 2020 में कोरोना महामारी के कारण लॉकडाउन की घोषणा की गयी थी। इस दौरान बिहार के लोग काफी संख्या में अन्य राज्यों में फंसे हुए थे। ऐसे लोगों को राहत पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तत्काल पहल करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए थे।

लॉकडाउन के दौरान अन्य राज्यों में फंसे 21 लाख से अधिक लोगों को बिहार कोरोना सहायता मोबाइल ऐप के माध्यम से वित्तीय सहायता पहुंचायी गयी। इसके अलावे 1.64 करोड़ राशन कार्डधारी परिवारों को 3 महीने का अग्रिम राशन प्रदान किया गया और 1000 रुपये की वित्तीय सहायता भी दी गई।
 
राज्य के 12 जिलों में पांच सौ करोड़ रुपये से अधिक की लागत से मुख्यमंत्री वृहद आश्रय गृह का निर्माण शुरू हो गया है। इसका निर्माण पांच एकड़ में होगा। इसमें रहने वाले बच्चे, बच्चियों, महिलाओं व युवाओं की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए कुछ बदलाव किये गये हैं, जिसमें अब अंदर एवं बाहर की सुरक्षा बढ़ायी गयी है। आश्रय गृह में बैरक एवं चेक पोस्ट का भी निर्माण होगा, ताकि आने-जाने वालों का पूरा ब्योरा रखा जा सके।
 
सहरसा के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने जय मां भवानी राइस मिल, बरियाही का निरीक्षण किया। इसमें 8 MT प्रति घंटा क्षमता की आधुनिक मशीनों द्वारा CMR तैयार किये जाने की प्रक्रिया की जानकारी ली।
 
गया के जिला पदाधिकारी अभिषेक सिंह की अध्यक्षता में अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत बैठक आयोजित की गई। बैठक में 257 मामलों पर विचार-विमर्श करते हुए समिति द्वारा स्वीकृति दी गई। इस मौके पर उन्होंने कई निर्देश दिए।
 
हाड़ कंपा देने वाली शीतलहर के मद्देनजर दरभंगा के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम के निर्देश पर कंबल का वितरण किया गया। जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग एवं बाल संरक्षण इकाई द्वारा कुष्ठ कॉलोनी, एकभिण्डा, बिजली हॉल्ट के निकट, सदर प्रखण्ड एवं कुष्ठ कॉलोनी, सोनकी के प्रांगण में 75 चिह्नित गरीब, असाध्य रोग से ग्रसित एवं विधवा महिलाओं के बीच कंबल का वितरण किया गया।