मंगलवार, 22 दिसंबर 2020

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भागलपुर जिले के गुवारीडीह ग्राम के पुरातात्विक स्थल का भ्रमण किया...

 संवाददाता : पटना बिहार

बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें :

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भागलपुर जिले के गुवारीडीह ग्राम के पुरातात्विक स्थल का भ्रमण किया। और इस ऐतिहासिक स्थल को संरक्षित करने को लेकर कई अहम निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र को सबसे ज्यादा कोसी के कटाव से नुकसान है। जिसे रोकने के लिए कोसी नदी की धारा को पुरानी धारा की तरफ ले जाने की जरूरत है। कोसी की धारा को डायवर्ट करके पूरे इलाके को सुरक्षित किया जायेगा। इस स्थल को विकसित करने से लोगों को इतिहास के बारे में जानकारी हो सकेगी।
 
मुख्यमंत्री ने भ्रमण के दौरान गुवारीडीह ग्राम से प्राप्त पुरातात्विक अवशेषों का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने कहा कि यहां से मिले अवशेषों का अध्ययन करने के बाद ही इस इलाके को ऐतिहासिक स्थल के रूप में विकसित किया जायेगा। यहां की पूरी जानकारी मिलने के बाद राज्य ही नहीं, देश-दुनिया को भी इससे अवगत कराया जायेगा।

जमीन और मौसम के अनुसार खेती को बढ़ावा देने के लिए बिहार सरकार मिट्टी की गुणवत्ता के आधार पर खेती कराने का अभियान चला रही है। मिट्टी जांच के लिए संसाधनों के रखरखाव और तंत्र के काम की निगरानी के लिए प्रत्येक प्रमंडल में उपनिदेशक (रसायन) की जिम्मेदारी निर्धारित कर दी गई है। आपको बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की इस पहल से दस फीसदी कृषि उत्पादन बढ़ जाएगा।
 
मुख्यमंत्री के निर्देश पर आर ब्लॉक-दीघा रोड को जोड़ने को लेकर पथ निर्माण विभाग एवं बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड ने तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए 400 मीटर का रैम्प बनाया जाएगा। इसके निर्माण पर 20 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके बनने से लोग जीपीओ-आर ब्लॉक फ्लाइओवर से सीधे आर ब्लॉक-दीघा नयी रोड पर जा सकेंगे।
 
किसान अपना धान एमएसपी पर आसानी से बेच सकें इसके लिए पैक्स और व्यापार मंडल की संख्या में लगातार वृद्धि की जा रही है। सहकारिता विभाग ने तीन दिनों में राज्यभर में 274 खरीद केंद्र बढ़ा दिये। 40 हजार से अधिक एमटी धान की खरीद हुई। दो दिनों में करीब नौ हजार किसानों ने अपना धान बेचा है।
 
पटना के जिलाधिकारी कुमार रवि ने सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सहित कई कर्मियों को हिंदी भवन सभागार में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंन कोरोना काल में उनके योगदान, समर्पण एवं निष्ठा की तारीफ की।
 
चम्पारण यात्रा के दौरान गया बाबू के जिस आवास पर बापू ठहरे थे उसे संग्रहालय का रूप देने और भवन का जीर्णोद्धार को लेकर मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी ने स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सम्बंधित पदाधिकारिओं को आवश्यक निर्देश दिए।
 
सहरसा के डीएम कौशल कुमार ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले मरीजों को अच्छे व्यवहार और सेवाभाव के साथ स्वास्थ्य सेवाएं एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश सभी चिकित्सा पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को दिया।
 
बेतिया के डीएम ने चनपटिया अंचल के लालगढ़ राजस्व ग्राम में विशेष सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त अंतर्गत त्रि-सीमाना कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि विशेष सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्य मिशन मोड में करें ताकि निर्धारित समय सीमा के अंदर कार्य पूर्ण हो तथा इसका लाभ आमजन उठा सके।
 
पूर्णिया के जिला पदाधिकारी राहुल कुमार की अध्यक्षता में समेकित बाल विकास सेवाएं के क्रियान्वयन एवं उपलब्धि को लेकर समीक्षा बैठक की गयी। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र से संचालित योजनाओं का लाभ योग्य लाभुकों को ससमय प्रदान करने हेतु कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
 
एम्स के निर्माण हेतु जमीन हस्तांतरण को लेकर पहल शुरू हो गयी है। इसी कड़ी में दरभंगा के जिलाधिकारी डॉक्टर त्यागराजन एस एम की अध्यक्षता में डीएमसीएच के सभागार में सम्बंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में चरणबद्ध तरीके से एम्स को जमीन हस्तांतरण को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
 
सीतामढ़ी के पुलिस लाइन में चौकीदारी परेड का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से उपस्थित चौकीदारों को संबोधित किये। इस दौरान जिलाधिकारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चौकीदारों को पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि चौकीदार पुलिस प्रशासन की एक महत्वपूर्ण कड़ी और सूचना का सबसे महत्वपूर्ण स्रोत भी हैं।