बुधवार, 30 दिसंबर 2020

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में बिहार कैबिनेट की बैठक आयोजित...

 संवाददाता : पटना बिहार

बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें  :

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में बिहार कैबिनेट की बैठक आयोजित की गई। जिसमें कुल ,11 प्रस्तावों पर मुहर लगायी गई।
 
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर बिहार में कुपोषित व कमजोर बच्चों की घर-घर जाकर पहचान की जाएगी। समाज कल्याण विभाग के तहत संचालित समेकित बाल विकास परियोजना निदेशालय (आईसीडीएस) ने कोरोना काल के दौरान कुपोषित हुए बच्चों को चिह्नित करने और उन्हें पौष्टिक आहार व इलाज मुहैया कराने को लेकर अभियान चलाने का निर्णय लिया है। यह अभियान जनवरी, 2021 में पूरे माह संचालित किया जाएगा।
 
राज्य भर में मुख्यमंत्री उज्ज्वल दृष्टि अभियान के तहत 50 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को मुफ्त में चश्मा दिया जा रहा है। इस अभियान के तहत वृद्धजनों के बीच चश्मा वितरण करने में परेशानी नहीं हो और सभी को लाभ मिल सके, इसके लिए दृष्टि मोबाइल ऐप तैयार किया गया है।

1 से 10 जनवरी तक प्रदेश भर में किसानों से प्राथमिकता के आधार पर पैक्स एवं व्यापार मंडलों के जरिये धान खरीद अभियान शुरू किया जायेगा। फिलहाल समर्थन मूल्य पर नये सिरे से खरीद के लिए खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने पूरी रणनीति बनायी है। सचिव विनय कुमार के मुताबिक पी.एफ.एम.एस. के जरिये किसानों के खाते में 48 घंटे के अंदर धान बिक्री की राशि हस्तांतरित की जायेगी।
 
बिहार के भू-धारी/रैयत जो दिल्ली में रह रहे हैं अब अपने राज्य के किसी भी राजस्व ग्राम का नक्शा प्राप्त कर सकते हैं। डिजिटल इंडिया लैंड रिकार्ड्स मॉडर्नाइजेशन प्रोग्राम के तहत मानचित्र की डिजिटाइज्ड प्रति सुगमता से उपलब्ध करायी जा रही है। आपको बता दें कि इसके लिए बिहार भवन, चाणक्यपुरी, नई दिल्ली में प्लॉटर मशीन लगायी गयी है।
 
मुख्य सचिव दीपक कुमार की अध्यक्षता में धान अधिप्राप्ति के संबंध में ऑनलाइन बैठक की गई। इस मौके पर दरभंगा के जिलाधिकारी ने धान अधिप्राप्ति को लेकर विस्तृत जानकारी दी। बैठक में सभी जिलों के जिलाधिकारी ऑनलाइन उपस्थित हुए।
 
बेगूसराय के जिला पदाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा ने खरीफ विपणन मौसम वर्ष 2020-21 अंतर्गत धान अधिप्राप्ति के संबंध में बैठक की। इस मौके पर जिले के सभी चयनित पैक्स/व्यापार मंडल के अध्यक्ष, कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार एवं प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
 
खगड़िया के जिलाधिकारी द्वारा विशेष भू-सर्वेक्षण सहित राजस्व कार्यों की समीक्षा की गई। इस मौके पर उन्होंने भूमि सुधार उपसमाहर्ता, अंचलाधिकारियों एवं सहायक बंदोबस्त पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
 
गया के जिला पदाधिकारी अभिषेक सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा बैठक की गई। इस मौके पर उन्होंने लोक शिकायत मामलों को निर्धारित समय में पूरा करने का सख्त निर्देश दिया।
 
सहरसा के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने पंचायतों में पूर्ण किये गए ‘हर घर नल का जल’ योजना के जांच प्रतिवेदन के संदर्भ में समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने कई दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने सभी वरीय उप समाहर्ता के नेतृत्व में ‘हर घर नल का जल’ योजना की जांच करायी थी।
 
लखीसराय के जिला पदाधिकारी संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला तम्बाकू नियंत्रण कोषांग और सीड्स के संयुक्त तत्वाधान में जिलास्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस मौके पर उन्होंने कई आवश्यक दिशा-निर्दश दिए।