सोमवार, 28 दिसंबर 2020

मुख्यमंत्री के निर्देश पर कृषि शिक्षा पर नजर रखने के लिए राज्य कृषि शिक्षा परिषद का गठन किया...

 संवाददाता : पटना बिहार

बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें :

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर कृषि शिक्षा पर नजर रखने के लिए राज्य कृषि शिक्षा परिषद का गठन किया गया है। इसके महत्व को देखते हुए राज्य में इसे 60 वर्षों के बाद फिर बहाल किया गया है। अब छह दशक बाद यह परिषद विश्वविद्यालयों में होने वाली कृषि की पढ़ाई को छोड़कर अन्य संस्थानों में हो रही कृषि की पढ़ाई व प्रशिक्षण कोर्स पर भी नजर रखेगी।
 
बिहार में पंचायत चुनाव, 2021 को लेकर चुनाव आयोग की तैयारी तेज हो गई है। शनिवार को राज्य निर्वाचन आयोग ने राज्य के सभी 38 जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत) सह जिला पदाधिकारियों के साथ बैठक की तथा फीडबैक लिया। मतदाता सूची का वार्डवार विखंडन किए जाने के बाद डाटाबेस की तैयारी एवं प्रारूप मतदाता सूची के सॉफ्ट प्रति में तैयार करने को लेकर 29 दिसंबर, 2020 से 12 जनवरी, 2021 तक का समय निर्धारित किया गया है।
 
अररिया के जिला पदाधिकारी प्रशांत कुमार सीएच के दिशा-निर्देश के आलोक में शनिवार को जिले के सभी थानों में अंचलाधिकारियों एवं थानाध्यक्षों की मौजूदगी में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान भूमि विवाद से संबंधित मामलों पर सुनवाई की गयी।

सहरसा के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बरियाही पैक्स का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्रयपंजी का अवलोकन किया। साथ ही किसानों से की जा रही धान अधिप्राप्ति एवं उन्हें ससमय भुगतान किए जाने की जानकारी ली।
 
जहानाबाद के जिला पदाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ट में धान अधिप्राप्ति के संबंध में बैठक की गई। इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से प्रतिवेदन प्राप्त किया एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
 
बढ़ते ठंड को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर दरभंगा जिले के सभी प्रखंडों, बेनीपुर नगर परिषद एवं नगर निगम समेत कुल 152 जगहों पर अलाव जलाये गए, जिनमें 3422 किलोग्राम जलावन का प्रयोग किया गया। अबतक 13,052 किलोग्राम जलावन का प्रयोग किया जा चुका है।
 
बढ़ते ठंड के मद्देनजर समस्तीपुर के जिला पदाधिकारी, सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी के द्वारा दूधपुरा पंचायत भवन परिसर में निर्धन, भूमिहीन, विधवा एवं बुजुर्गों के बीच 500 कंबल का वितरण किया गया।
 
भोजपुर के जिला पदाधिकारी रौशन कुशवाहा ने क्रॉसवर्ड प्रतियोगिता में शीर्ष 10 स्थान पाने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। साथ ही उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।