बुधवार, 27 जनवरी 2021

राज्यपाल फागु चौहान ने पटना के गांधी मैदान में झंडोत्तोलन किया तथा प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी...

 संवाददाता : पटना बिहार

बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें  :

देश ने मंगलवार 72वां गणतंत्र दिवस बड़े धूम-धाम से मनाया। इस मौके पर राज्यपाल फागु चौहान ने पटना के गांधी मैदान में झंडोत्तोलन किया तथा प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर झांकियां भी निकाली गई। समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शामिल हुए।

👉 एक अणे मार्ग स्थित सीएम आवास पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तिरंगा झंडा फहराया तथा बिहारवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने ट्वीट किया कि आज हम सबको अपनी आजादी, एकता एवं अखण्डता को अक्षुण्ण रखने का संकल्प लेना है। राज्य में आपसी भाईचारा, सद्भाव एवं शान्ति बनाये रखना है। शान्ति और सद्भाव में ही समृद्धि और प्रगति है।
 
👉 उपमुख्यमंत्री-सह-नगर विकास एवं आवास मंत्री तारकिशोर प्रसाद ने सोमवार को मगध एवं मुंगेर प्रमंडल के नगर निकायों की योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान सम्राट अशोक भवन के लिए उपलब्ध भूमि वाले नगर निकायों में निर्माण कार्य अविलंब शुरू करने तथा जहां जमीन उपलब्ध नहीं है वहां जिला पदाधिकारी के साथ वार्ता कर जमीन सुनिश्चित करने का उन्होंने निर्देश दिया। बैठक में विभागीय प्रधान सचिव आनंद किशोर, बुडको के प्रबंध निदेशक रमण कुमार एवं अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
 
👉 कोशी प्रमंडल के आयुक्त राहुल रंजन महिवाल ने सहरसा समाहरणालय परिसर स्थित 6 करोड़ रुपये की लागत से 6,000 VVPAT की क्षमता वाले नव निर्मित VVPAT वेयरहाउस का उद्घाटन किया। इस मौके पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
 
👉 अररिया के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी प्रशांत कुमार सी.एच. ने इंडोर स्टेडियम परिसर स्थित ईवीएम वेयर हाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था, फायर फाइटिंग व्यवस्था एवं साफ-सफाई को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्दश दिये।
 
👉 जहानाबाद के जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने समाहरणालय सभाकक्ष में बाल विकास परियोजना, महिला हेल्पलाइन एवं वन स्टॉप सेन्टर के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।