सोमवार, 25 जनवरी 2021

उत्तराखंड की प्रमुख खबरें...

 संवाददाता : देहरादून उत्तराखंड 

उत्तराखंड की प्रमुख खबरें  :

राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान, देहरादून के सहयोग से मसूरी विधायक गणेश जोशी द्वारा राजपुर चौक में आयोजित दिव्यांगजन सहायता शिविर में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। इस अवसर पर राज्यपाल मौर्य ने दिव्यांग जनों को सहायता उपकरण वितरित किए। राज्यपाल ने कहा कि दिव्यांग जनों के कल्याण एवं विकास हेतु समन्वित प्रयासों की आवश्यकता है। दिव्यांग जनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना आवश्यक है। हम सब का कर्तव्य है कि यथासंभव इस पुनीत कार्य में अपना योगदान दें। राज्यपाल मौर्य ने कहा कि बालिकाओं के विकास एवं कल्याण हेतु प्रभावी प्रयासों की आवश्यकता है।

                                                

हरिद्वार में आयोजित होने वाला कुंभ पूरी तरह से बेदाग होगा। देश और दुनिया से जो श्रद्धालु यहां आएंगे, हमारी सरकार उनकी हर अपेक्षा और आकांक्षा पर पूर्ण रूप से खरी उतरेगी। यह बात मुख्यमंत्री ने रविवार कुंभ मेला क्षेत्र में विभिन्न निर्माण कार्यों के निरीक्षण के दौरान कही। निर्माण कार्यों के स्थलीय निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और मुख्य सचिव ओमप्रकाश भी मुख्यमंत्री जी के साथ थे। हरिद्वार पहुंचकर उन्होंने खड़खड़ी स्थित सुखी नदी पुल, आस्था पथ, गौरीशंकर द्वीप, बैरागी कैम्प पुल, रानीपुर झाल पुल और चौधरी चरण सिंह घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सभी कार्य सुव्यवस्थित तरीके से किये जा रहे हैं और अपूर्ण कार्यों को समय पर पूरे करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।


मुख्यमंत्री ने प्रदेश में कार्यरत 565 नई आशा कार्यकत्रियों को वर्ष 2019-20 और 2020-21 की प्रोत्साहन राशि 2.71 करोड़ जारी करने को हरी झंडी दे दी है। साथ ही वर्ष 20-21 में जिलों में 367 नई आशा कार्यकत्रियों की नियुक्ति के लिए चयन की भी सहमति दी है। इसी प्रकार चमोली जिले के अंतर्गत उपजिला चिकित्सालय, गैरसैंण में 20 अतिरिक्त बेड के निर्माण के लिए 36.93 लाख की राशि जारी करने की स्वीकृति दी है। वहीं चंपावत के अंतर्गत 13 डिस्ट्रिक्ट 13 न्यू डेस्टिनेशन योजना में सिलिंगटाक में स्थित टी टूरिज्म हट की मरम्मत व्यू प्वाइंट, कैफेटेरिया, टिकिट हाउस तथा फैंसिंग कार्य के लिए 1 करोड़ 5 लाख 50 हजार की स्वीकृति दी है।

मुख्यमंत्री ने राज्य सेक्टर योजना में कार्बेट और राजाजी टाईगर रिजर्व पार्कों का संरक्षण और विकास करने के लिए 6 करोड़ की धनराशि आवंटित करने पर मोहर लगा दी है। मुख्यमंत्री ने राज्य सेक्टर पोषित नहर निर्माण मद के अंतर्गत जिला नैनीताल के विकासखंड कोटाबाग में 5.296 किमी लंबी धमोला नहर व हेड के जीर्णोंद्धार के लिए 107.92 लाख की स्वीकृति के साथ चालू वित्तीय वर्ष में पहली किश्त के रूप में 43.16 लाख की राशि जारी करने की भी सहमति दी है।