मंगलवार, 26 जनवरी 2021

बर्फबारी के बाद कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी,उत्तर भारत में अभी और तड़पाएगी ठंड...

संवाददाता : नई दिल्ली

हिमाचल प्रदेश के कुफरी, भरमौर, केलोंग और कल्पा में रविवार को बर्फबारी के बाद कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी रहा। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन में उत्तर तथा मध्य भारत में कड़ाके की ठंड का नया दौर शुरू होने का अनुमान जताया है। इस बीच, उत्तर प्रदेश में अपने खेत में सिंचाई करते हुए 45 वर्षीय किसान की कथित रूप से ठंड लगने से मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को इसकी जानकारी दी।

दिल्ली में भी धुंध की घनी चादर छाई रही, जिससे दृश्यता घटकर 100 मीटर रह गई और यातायात प्रभावित हुआ। घने कोहरे के चलते सफदरजंग वेधशाला में दृश्यता 200 मीटर जबकि पालम में 100 मीटर दर्ज की गई। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में पूर्वी हवा चलने और बादल छाए रहने के चलते तापमान बढ़कर 8.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है।

पूर्वी हवा बर्फ से ढंके पश्चिमी हिमालय से आ रहीं उत्तर-पश्चिमी पवनों की भांति ठंडी नहीं होतीं जबकि बादल छाए रहने की वजह से तापमान में वृद्धि होती है। अधिकारी ने कहा कि शुक्रवार तक तापमान में चार डिग्री सेल्सियस गिरावट का अनुमान है।

मौसम विभाग ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के जम्मू-कश्मीर से उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ने से 25 जनवरी से शुष्क उत्तर-पश्चिमी पवनें जोर पकड़ने लगेंगी। अगले तीन-चार दिन तक उत्तर भारत के मैदानी इलाकों और इससे लगे मध्य तथा पश्चिमी भारत के हिस्सों में इनका प्रभाव बना रहेगा।