रविवार, 24 जनवरी 2021

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोक संवाद में नेताजी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें शत-शत नमन किया...

 संवाददाता : पटना बिहार

बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें  :

पूरे देश में शनिवार नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती मनायी गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक अणे मार्ग स्थित लोक संवाद में नेताजी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें शत-शत नमन किया। जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी एवं पूर्व मंत्री संजय झा ने भी नेताजी के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। 

👉मुख्यमंत्री के निर्देश पर जल संसाधन विभाग ने आमलोगों से विभाग की योजनाओं के बारे में प्रश्नों, शिकायतों और सुझावों को भेजने का अनुरोध किया है। यह शिकायत और सुझाव सोशल मीडिया पर #HelloWRD के माध्यम से भेजे जा सकते हैं। इनका जवाब प्रत्येक शनिवार दोपहर 12:00 बजे से 2:00 बजे के बीच दिया जाएगा। प्रधान सचिव चैतन्य प्रसाद ने बताया कि इससे विभाग के कामकाज में पारदर्शिता लाने में मदद मिलेगी।
 
👉बिहार सरकार के आलाधिकारियों ने शुक्रवार को कोविड-19 के टीके लगवाये। I.G.I.M.S., पटना में स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत, राज्य स्वास्थ्य समिति के निदेशक मनोज कुमार और B.M.S.I.C.L. के M.D. श्री प्रदीप कुमार झा समेत कई अधिकारियों को कोरोना के टीके दिये गये। इस मौके पर श्री प्रत्यय अमृत ने बताया कि कोराना का टीका पूरी तरह सुरक्षित है। लोगों में इसकी सुरक्षा को लेकर किसी प्रकार का कोई भ्रम नहीं होना चाहिए।
 
👉पटना के जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के तहत कुल 16 में से 7 मामलों का निष्पादन किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-दिशा निर्देश भी दिये।
 
👉बेगूसराय के जिला पदाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं नगर निकायों के पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सात निश्चय की योजनाओं एवं जल-जीवन-हरियाली अभियान की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
 
👉सहरसा के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने स्थानीय स्तर पर श्रमिकों को स्वरोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला औद्योगिक नवप्रवर्तन योजना के अंतर्गत सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड के बरसम में संस्थापित विश्वकर्मा फर्नीचर समूह इकाई का उद्घाटन किया।
 
👉मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी ने कार्यालय में आम लोगों से मुलाकात की एवं उनकी समस्याओं से रू-ब-रू हुए। इस दौरान उन्होंने दर्जनों मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन किया तथा कई आवेदनों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया।
 
👉जहानाबाद के जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने समाहरणालय परिसर से मतदाता जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के मतदाताओं को जागरूक करेगा।
 
👉मोतिहारी के जिलाधिकारी शीर्षत कपिल अशोक ने धनौती नदी में चैलाहा त्रिभुवान पुल के पास रिजरवायर बनाने के लिए स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सिंचाई विभाग के अभियंता को धनौती नदी के गाद को निकालने का काम शुरू करने का निर्देश दिये।
 
👉दरभंगा के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम की अध्यक्षता में खाद्यान्न आपूर्ति की समीक्षा बैठक की गयी। इस दौरान दिसंबर एवं जनवरी तथा अतिरिक्त खाद्यान्न की आपूर्ति की समीक्षा प्रखंड वार की गई।
 
👉जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था बेहतर बनाने को लेकर बेतिया जिला प्रशासन तत्पर है। जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश देते हुये कहा कि जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में मरीजों को हर हाल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करायें। सरकार द्वारा मरीजों को दी जाने वाली सभी सुविधाएं गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए।
 
👉पूर्णिया के जिला पदाधिकारी राहुल कुमार ने बाल तस्करी एवं बाल श्रम की रोकथाम के लिए बच्चों और परिवारों के भेद्यता (Vulnerable) मानचित्रण हेतु आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला का उद्घाटन किया।
 
👉भोजपुर के जिला पदाधिकारी ने अंचल कार्यालय, पीरो का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अंचलाधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि आगत एवं निर्गत पंजी में सभी पत्रों की प्रविष्टि कराना सुनिश्चित करें तथा ऑनलाइन प्राप्त एल.पी.सी. का विधिवत संधारण करें।