शनिवार, 20 फ़रवरी 2021

बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें...

 संवाददाता : पटना बिहार

बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें...

राज्यपाल फागू चौहान के अभिभाषण के साथ बिहार विधानमंडल का बजट सत्र शुरू हुआ। 24 मार्च तक चलने वाले सत्र के दौरान कुल 22 बैठकें होंगी। 22 फरवरी को बिहार बजट, 2021-22 पेश किया जाएगा। वहीं 23 फरवरी को धन्यवाद प्रस्ताव पर वाद-विवाद होगा।

👉 अपने संबोधन में राज्यपाल फागू चौहान ने कहा कि युवाओं के लिए तकनीकी प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी, जिससे उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण के प्रति संवेदनशील है। सरकार के सात निश्चय पार्ट-2 के अंतर्गत सशक्त महिला, सक्षम महिला के तहत इनके उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए अधिकतम 5 लाख तक का ब्याज मुक्त ऋण दिया जाएगा।
 
👉 बिहार विधान मंडल का बजट सत्र शुरू होने के मौके पर माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने बिहार विधान परिषद के कार्यकारी सभापति श्री अवधेश नारायण सिंह एवं विधानसभा के अध्यक्ष श्री विजय कुमार सिन्हा को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया तथा सभी सदस्यों को शुभकामनाएं दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि विकसित बिहार के सपने को पूरा करने के लिए सब एकजुट होकर काम करेंगे।
 
👉 बिहार के सभी 149 आई.टी.आई. में सेंटर ऑफ एक्सिलेंस बनाया जाएगा। इसके प्रथम चरण में 60 आई.टी.आई. को चयनित किया गया है। एडवांस टेक्नोलॉजी में मशीन लर्निंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, ग्राफिक डिजाईन, रोबोटिक मेंटेनेंस, इलेक्ट्रिकल इत्यादि की मशीनें लगाकर इंडस्ट्री के सहयोग से इसे और उन्नत बनाया जाएगा। गुरुवार को मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के समक्ष श्रम संसाधन विभाग के प्रस्तुतीकरण के दौरान इस संबंध में जानकारी दी गई।
 
👉 मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आई.टी.आई.संस्थानों में जरूरत के मुताबिक ट्रेनरों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया है। इस दौरान उन्होंने कहा कि टेक्नोलॉजी सीखने से छात्रों को बेहतर रोजगार मिल सकेगा साथ ही उद्योग क्षेत्र का भी विकास होगा।
 
👉 पटना के जिलाधिकारी ने वीरचंद पटेल पथ में सर्विस लेन एवं मुख्य लेन पर दुर्घटना को रोकने तथा वाहनों का निर्बाध आवागमन सुनिश्चित कराने हेतु स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा मानक एवं ट्रैफिक व्यवस्था के दृष्टिकोण से डिवाइडर कट की स्थिति पर विचार-विमर्श किया।
 
👉 सारण के जिलाधिकारी ने समाहरणालय सभागार में जिला बाल संरक्षण कमेटी (DCPC) एवं चाइल्ड लाइन एडवाइजरी बोर्ड (CAB) की समीक्षा बैठक की। इस मौके पर उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
 
👉 किशनगंज के जिलाधिकारी डॉ.आदित्य प्रकाश की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की गई। इस मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने शिक्षा विभाग के कार्यों, उपलब्धि तथा आगामी कार्य योजना पर पावर प्वाइंट के माध्यम से प्रस्तुति दी।
 
👉 जहानाबाद के जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने सदर प्रखंड अंतर्गत पंडुई पंचायत के विभिन्न वार्डों में सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
 
👉 खगड़िया के जिलाधिकारी ने जिले में चल रहे सड़क सुरक्षा माह, 2021 के समापन समारोह में प्रतिभागियों को मोमेंटो व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
 
👉 समस्तीपुर के जिलाधिकारी ने जिला परिवहन कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लर्नर्स लाइसेंस हेतु ऑनलाइन टेस्टिंग केंद्र का भी निरीक्षण किया तथा सभी संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को ससमय कार्य करने का निर्देश दिया।
 
👉 अरवल की जिला पदाधिकारी जे.प्रियदर्शिनी की अध्यक्षता में खनन टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक की गई। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
 
👉 मोतिहारी के जिलाधिकारी शीर्षत कपिल अशोक ने जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए चयनित 15 चिकित्सा पदाधिकारियों के बीच नियोजन पत्र का वितरण किया।