मंगलवार, 2 फ़रवरी 2021

बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें...

 संवाददाता : पटना बिहार

बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें  :

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केंद्रीय बजट पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कोविड महामारी और राजस्व संग्रहण में दिक्कतों के बावजूद केंद्र सरकार द्वारा संतुलित बजट पेश किया गया, यह स्वागत योग्य है। इसके लिए उन्होंने केंद्र सरकार को बधाई दी। साथ ही उन्होंने कहा कि वर्ष 2021-22 के लिए 34.8 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया है, जो वर्ष 2020-21 के अनुमानित बजटीय खर्च 30.42 लाख करोड़ रुपये से अधिक है। 15वें वित्त आयोग की अनुशंसा के आलोक में 41 प्रतिशत राशि राज्य सरकारों को दी जाएगी।

👉पर्यटकों को वाल्मीकि टाइगर रिजर्व जाने के लिए ट्रेन की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पहल पर पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने पूर्व मध्य रेलवे को इस संबंध में प्रस्ताव भेजा है। प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री ए.के. पांडेय ने बताया कि पाटलिपुत्र जंक्शन से सोनपुर-मुजफ्फरपुर के रास्ते नरकटियागंज तक नई वाल्मीकि व्याघ्र एक्सप्रेस ट्रेन चलाने या वर्तमान में चल रही ट्रेन के समय में परिवर्तन करके चलाने के लिए पूर्व मध्य रेलवे को प्रस्ताव दिया गया है।
 
👉बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से सोमवार को सड़क सुरक्षा सप्ताह की शुरुआत की गई। इस मौके पर उपाध्यक्ष व्यासजी ने साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह 1 से 7 फरवरी तक चलेगा। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा से संबंधित नियमों के बारे में सात दिनों तक लोगों को बताया जाएगा। चौक-चौराहों पर बड़े-बड़े होर्डिंग भी लगाये जा रहे हैं।
 
👉पटना के जिलाधिकारी ने रात्रि भ्रमण के क्रम में P.M.C.H., N.I.T. मोड़, महेन्द्रू रिक्शा पड़ाव, पत्थर की मस्जिद, गायघाट और गुरु गोविंद सिंह अस्पताल आदि जगहों पर अलाव का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गरीब और निःसहायों के बीच कम्बल बांटे।
 
👉नवादा के जिला पदाधिकारी यशपाल मीणा ने नारदीगंज प्रखंड में गंगाजल उद्वह योजना के पाइपलाइन निर्माण कार्य स्थल का निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
 
👉बक्सर के जिला पदाधिकारी अमन समीर ने जिला कोषागार का निरीक्षण किया। इस क्रम उन्होंने कोषागार पदाधिकारी को नियमानुसार कार्य संपादित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
 
👉खगड़िया के जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष ने सदर अस्पताल में निःशुल्क डिजिटल एक्स-रे सेवा का शुभारंभ किया। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।
 
👉सहरसा के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों के साथ धान अधिप्राप्ति की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जरूरी दिशा-निर्देश दिये।
 
👉दरभंगा के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने समाहरणालय परिसर स्थित अंबेडकर सभागार में नल-जल योजना की समीक्षा। इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।