बुधवार, 24 फ़रवरी 2021

बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें...

 संवाददाता : पटना बिहार

बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें...

बजट सत्र, 2021-22 के दौरान सदन में जवाब देते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में कोरोना का रिकवरी रेट 99.2 प्रतिशत है, जबकि देश में 97.33 प्रतिशत है। कोरोना काल में बिहार में बेहतर काम किये गये हैं, अबतक 5 लाख 26 हजार लोगों को टीका लगाया गया। साथ ही उन्होने कोरोना को लेकर सतर्क रहने की अपील की।

👉 विकास के मुद्दे पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जवाब देते हुए कहा कि वर्ष 2019-20 के स्थिर मूल्यों पर बिहार का औसत विकास दर 10.5 प्रतिशत रहा तथा प्रति व्यक्ति आय 50 हजार 735 रुपये हो गया है।
 
👉 स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह तत्पर है। पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने कहा कि राजगीर में खेल विश्वविद्यालय बनाया जाएगा। वहां स्टेडियम के निर्माण कार्य के अलावा खिलाड़ियों को प्रेरित करने के लिए पहले से काम हो रहा है।
 
👉 मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कटिहार के कुर्सेला थाना क्षेत्र में एन.एच. 31 पर सड़क दुर्घटना में मारे गये लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना काफी दु:खद है। उन्होंने परिजनों को दु:ख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्राथना की। साथ ही उन्होंने दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल लोगों के समुचित इलाज का निर्देश दिया तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
 
👉 सिवान के जिलाधिकारी अमित कुमार पांडेय ने जिला स्तरीय स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने कोरोना टीकाकरण, आयुष्मान कार्ड, कालाजार, पोलियो अभियान, ई-औषधि पोर्टल पर उपलब्ध दवाओं की प्रविष्टि एवं स्वास्थ्य संस्थानों में साफ-सफाई की प्रगति की समीक्षा की एवं आवश्यक दिशा-निर्दश दिये।
 
👉 नवादा के जिला पदाधिकारी यशपाल मीणा ने नारदीगंज प्रखंड के मोतनाजे में गंगाजल उद्वह योजना की कार्य प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पड़रिया, पंडप्पा एवं हिसुआ क्षेत्र से गुजरने वाली एन.एच. 32 निर्माण की कार्य प्रगति का भी निरीक्षण किया।
 
👉 बक्सर के जिला पदाधिकारी अमन समीर ने ब्रह्मपुर प्रखंड अंतर्गत गाय घाट पंचायत में स्वास्थ्य उप केंद्र के नवनिर्मित भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ‘हर घर नल का जल’ योजना के तहत बनाये गये जल मीनार एवं संयंत्र का भी निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
 
👉 सहरसा के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने आयुष्मान पखवाड़ा के अंतर्गत पंचायत स्तर पर आयोजित विशेष कैम्प के माध्यम से बनाये जा रहे गोल्डन कार्ड की प्रगति के संबंध में समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
 
👉 बेगूसराय के जिला पदाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा की अध्यक्षता में अभियोजन कार्यों की समीक्षा की गई। इस मौके पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों के निष्पादन का निर्देश दिया।
 
👉 किशनगंज के जिला पदाधिकारी डॉ. आदित्य प्रकाश की अध्यक्षता में भू-अर्जन एवं सभी परियोजनाओं से संबंधित बैठक की गई। इस मौके पर उन्होंने सरकारी जमीन का अधिग्रहण आदि के संबंध में विस्तृत समीक्षा की एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
 
👉 मशरूम की खेती को बढ़ावा देने हेतु जहानाबाद जिला प्रशासन पूरी तरह तत्पर है। जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने किनारी पंचायत के कुंम्हवां गांव में मशरूम उत्पादन का निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने बताया कि इसके लिए जिले को कलेक्शन सह पैकेजिंग सेन्टर के रूप में विकसित किया जाएगा।
 
👉 मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी एवं उप विकास आयुक्त ने ए.ई.एस. और चमकी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण के मद्देनजर नुक्कड़ नाटक के दलों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न प्रखंडों में रवाना किया। सर्वाधिक प्रभावित वाले पांच प्रखंडों जैसे- मुशहरी, काटी, मीनापुर, बोचहां और मोतीपुर में जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जहां विगत वर्षों में इसका अधिक प्रकोप देखा गया है।
 
👉 खगड़िया के जिलाधिकारी ने कृषि विभाग के पदाधिकारियों के साथ गांवों में अपनी जमीन पर मिनी मिट्टी प्रयोगशाला स्थापित करने के लिए इच्छुक किसानों के चयन के संबंध में बैठक की एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।