गुरुवार, 25 फ़रवरी 2021

बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें...

 संवाददाता : पटना बिहार

बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें...

बिहार विधानमंडल परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि हम सबको मिलकर बिहार को आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाना है और आगे बढ़ाना है। साथ ही उन्होंने कहा कि बिहार में लोगों की आमदनी बढ़ी है। इससे स्पष्ट है कि बिहार आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में और आगे बढ़ेगा।

👉मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में अब प्रजनन दर घटकर 3.2 हो गया है। राज्य सरकार प्रजनन दर को कम करना चाहती है। सभी पंचायतों में प्लस 2 उच्च माध्यमिक विद्यालय बनाने की योजना पर काम चल रहा है। लड़कियों के शिक्षित होने से स्वाभाविक रूप से प्रजनन दर घटेगा।
 
👉मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य सरकार समाज के हर तबके के लोगों के लिए काम कर रही है। जो हाशिये पर हैं उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विशेष योजनाएं चलाई जा रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि समाज में प्रेम, भाईचारा और सद्भाव का भाव रहे इसी दृष्टिकोण से साथ मिलकर काम करना है।
 
👉पटना के देशरत्न उद्यान में 25 से 28 फरवरी तक उद्यान महोत्सव, 2021 का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए निदेशक श्री नंद किशोर ने कहा कि विभिन्न जिलों के किसान इसमें भाग लेंगे। महोत्सव में बिहार के मुख्य उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा।
 
👉पटना के जिलाधिकारी ने जिले में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित महत्वपूर्ण योजनाओं के ससमय प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सभी संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों, तकनीकी पदाधिकारियों एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े सभी अनुमंडल पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
 
👉मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी प्रणव कुमार ने कोविड-19 टीकाकरण की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को टीकाकरण की गति में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि नियंत्रण कक्ष के माध्यम से सभी पंजीकृत व्यक्तियों से संपर्क स्थापित करें और उनका टीकाकरण कराना सुनिश्चित करायें।
 
👉समस्तीपुर के जिलाधिकारी की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक की गई। इस दौरान उन्होंने कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। इस मौके पर सिविल सर्जन, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, जिला मलेरिया पदाधिकारी, मेडिकल ऑफिसर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, सभी उपाधीक्षक एवं सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी उपस्थित थे।
 
👉जहानाबाद के जिला पदाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं आयुष्मान भारत से संबंधित समीक्षा बैठक की गई। इस दौरान उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
 
👉किशनगंज के जिलाधिकारी डॉ. आदित्य प्रकाश ने कृषि टास्क फोर्स की बैठक की। इस दौरान उन्होंने कृषि, गव्य, पशुपालन, उद्यान, विद्युत, आत्मा, सहकारिता एवं लघु जल संसाधन से संबंधित योजनाओं व कार्यों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
 
👉सिवान के जिलाधिकारी अमित कुमार पांडेय ने राम-जानकी पथ परियोजना के भू-अर्जन के संबंध में समीक्षा बैठक की एवं आवश्यक निर्देश दिये। इस मौके पर संबंधित अंचलाधिकारी, जिला अवर निबंधक, उप-समाहर्ता और भूमि सुधार एवं जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सहित परियोजना से जुड़े अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया।
 
👉अरवल की जिला पदाधिकारी जे. प्रियदर्शिनी ने नगर परिषद क्षेत्र के लिए गार्बेज कलेक्शन हेतु ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इस मौके पर पदाधिकारीगण और कर्मीगण उपस्थित रहे।
 
👉नवादा के जिला पदाधिकारी यशपाल मीणा के निर्देश पर जिले के सभी प्रखंडों में आयुष्मान भारत अन्तर्गत गोल्डन कार्ड निर्माण का कार्य अभियान जारी है। इस संदर्भ में उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।