बुधवार, 17 फ़रवरी 2021

उत्तराखंड एक झलक में, उत्तराखंड की प्रमुख खबरें…

 संवाददाता : देहरादून उत्तराखंड

उत्तराखंड एक झलक में, उत्तराखंड की प्रमुख खबरें…

मुख्यमंत्री द्वारा की जा रही सीएम घोषणाओं की समीक्षा के क्रम में बुधवार को अल्मोड़ा एवं नैनीताल जनपदों की समीक्षा की गई। इस दौरान बताया गया कि अल्मोड़ा जनपद में 164 सीएम घोषणाओं में से 102 घोषणाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 62 पर कार्य प्रगति पर है। नैनीताल जनपद में 147 सीएम घोषणाओं में से 95 घोषणाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 52 पर कार्य गतिमान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में पार्किंग के स्थान के लिए समस्याएं आ रही हैं। ऐसे में जिलाधिकारियों द्वारा इसका समाधान निकाला जाए। पुलों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री जी ने लोनिवि को एक ब्रिज सेल बनाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकाल के दृष्टिगत पेयजल से संबधित घोषणाओं को जल्द पूर्ण किया जाए।

बैठक में महिला कल्याण एवं बाल विकास राज्य मंत्री , विधायक दीवान सिंह बिष्ट, रामसिंह कैड़ा, करन मेहरा जबकि वर्चुअल माध्यम से विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चैहान, विधायक संजीव आर्य, नवीन चन्द्र दुम्का, महेश नेगी उपस्थित रहे। 

प्रदेश में महिलाओं व छोटे कारीगरों के उत्थान के प्रयास करने वाली द उत्तराखण्ड सिविल सर्विस आफिसर्स वाइफ्स एसोसिएशन के सदस्यों ने आज राजभवन में राज्यपाल महोदया बेबी रानी मौर्य से भेंट की, और उन्हें संजीवनी संस्था की ओर से 20 एवं 21 फरवरी को आयोजित दो दिवसीय मेले के उद्घाटन हेतु आमंत्रित किया। इस मौके पर राज्यपाल मौर्य ने कहा कि संजीवनी संस्था द्वारा महिलाओं एवं छोटे कारीगरों के उत्थान के लिये प्रंशसनीय कार्य किया जा रहा है। इससे महिला सशक्तीकरण के साथ ही स्थानीय उत्पादों एवं शिल्पों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। 

मुख्यमंत्री मंगलवार देहरादून के पुरकुल गांव में सैन्यधाम निर्माण के लिए उच्च स्तरीय समिति के गठन के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसमें सलाहकार मा. मुख्यमंत्री (सैन्य व सीमांत क्षेत्र सुरक्षा व विकास) विशेष आमंत्रित सदस्य रहेंगे। इसके अलावा अपर मुख्य सचिव सैनिक कल्याण, सचिव वित्त, जिलाधिकारी देहरादून, अपर सचिव सैनिक कल्याण, प्रबंध निदेशक उपनल, प्रबंध निदेशक ब्रिडकुल को सदस्य बनाने का प्रस्ताव है। निदेशक सैनिक कल्याण को सदस्य सचिव बनाया गया है। साथ ही सैन्य धाम में ही उपनल के कार्यालय भवन मुख्यालय का निर्माण के प्रस्ताव को भी मुख्यमंत्री ने मंजूरी दी है।

मुख्यमंत्री ने राजकीय हास्पिटल डोईवाला में आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड बनाने के लिए आयोजित विशेष शिविर में कुछ लोगों को फर्जी कार्ड जारी किए जाने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी देहरादून को प्रकरण की तत्काल जांच कराकर कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। अठूरवाला के राजेश द्विवेदी ने इसे लेकर शिकायत की थी, जिस पर अब मुख्यमंत्री जी ने जांच के आदेश दिए हैं।