शुक्रवार, 12 मार्च 2021

प्रहलाद सिंह पटेल ने अभिलेखों के 4.5 करोड़ पृष्ठों के डिजिटलीकरण का उद्घाटन किया...

 संवाददाता : नई दिल्ली

केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रहलाद सिंह पटेल ने राष्ट्रीय अभिलेखागार के 131वें स्थापना दिवस के अवसर पर गुरुवार को विभिन्न अभिलेखों के 4.5 करोड़ पन्नों के डिजिटलीकरण और “महात्मा गांधी एवं उनके असहयोग आंदोलन” पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। राष्ट्रीय अभिलेखागार ने विभिन्न प्रकार के अभिलेखों को डिजिटल बनाने का काम किया है।

राष्ट्रीय अभिलेखागार के पास वर्तमान में 18 करोड़ से अधिक पन्नों के अभिलेखों का संग्रह है। सार्वजनिक अभिलेखों में राष्ट्रपति द्वारा स्वीकृत की गई फाइलें, वॉल्यूम्स, नक्शे, बिल, संधियां, दुर्लभ पांडुलिपियां, प्राचीन रिकॉर्ड, व्यक्तिगत दस्तावेज़, कार्टोग्राफिक रिकॉर्ड, राजपत्रों और विवरणिका का महत्वपूर्ण संग्रह, जनगणना रिकॉर्ड, संसदीय और विधानसभाओं की चर्चा, साहित्य, यात्रा वृत्तांत आदि शामिल हैं।

इस अवसर पर वास्तविक दस्तावेज़ों पर “महात्मा गांधी और असहयोग आंदोलन” विषय पर एक प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया गया। 15 अप्रैल 2021 तक इस प्रदर्शनी को देखा जा सकता है।