सोमवार, 15 मार्च 2021

बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें...

 संवाददाता : पटना बिहार

बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें...

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पहल पर मोकामा में 50 करोड़ की लागत से सड़क अनुसंधान केंद्र बनाया जाएगा। वहां सड़कों से जुड़े मामलों पर अनुसंधान का काम होगा। पंचायती राज मंत्री ने विधान परिषद में सरकार का पक्ष रखते हुए इसकी जानकारी दी।

👉 मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दिशा-निर्देशन में हृदय में छेद के साथ जन्में बच्चों के नि:शुल्क उपचार के लिए प्रशांति मेडिकल सर्विसेज एवं रिसर्च फाउंडेशन, राजकोट तथा आईजीआईसी व आईजीआईएमएस में व्यवस्था की जा रही है। पटना एम्स में मरीजों के साथ आने वाले लोगों के ठहरने के लिए भवन बनाये जाएंगे। स्वास्थ्य मंत्री ने विधानसभा में इसकी जानकारी दी।
 
👉 मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बहेड़ी (दरभंगा) के पूर्व विधायक हरे कृष्ण यादव के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि वह एक कुशल राजनेता थे। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। साथ ही उन्होंने दिवंगत आत्मा की चिर शांति तथा उनके परिजनों को दु:ख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
 
👉 पटना के जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने पंचायत आम चुनाव, 2021 के सफल, सुचारू एवं शांतिपूर्ण आयोजन हेतु 17 कोषांगों का गठन कर प्रत्येक के लिए वरीय एवं प्रभारी पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की।साथ ही उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर अपने-अपने कोषांग के कार्यों का निष्पादन का निर्देश दिया।
 
👉 सीतामढ़ी की जिलाधिकारी ने जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक कर पंचायत चुनाव, मद्यनिषेध, भूमि विवाद एवं विधि व्यवस्था से संबंधित समीक्षा बैठक की एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
 
👉 सिवान के जिलाधिकारी अमित कुमार पाण्डेय ने समाहरणालय सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिया।
 
👉 बेतिया के जिलाधिकारी कुंदन कुमार की अध्यक्षता में जिला सैरात सुरक्षित जमा निर्धारण समिति की बैठक की गयी। इस मौके पर अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, सभी एसडीएम एवं डीसीएलआर तथा अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
 
👉 बक्सर के जिला पदाधिकारी अमन समीर की अध्यक्षता में 17 मार्च, 2021 को जिला स्थापना दिवस को समारोह पूर्वक मनाए जाने हेतु समाहरणालय सभागार में बैठक की गई। इस मौके पर उन्होंने कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
 
👉 समस्तीपुर के जिलाधिकारी ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम को प्रभावी रूप से कार्यान्वित करने हेतु आयोजित कार्यशाला का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया।
 
👉 प्रमंडलीय आयुक्त राहुल रंजन महिवाल ने सहरसा जिले के अगवानपुर में भारती मण्डन कृषि महाविद्यालय में नवीनतम कृषि तकनीकों से किसानों को जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित दो दिवसीय किसान मेला का उद्घाटन किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं बिहार कृषि विश्वविद्यालय के उप कुलपति उपस्थित थे।
 
👉 वैशाली की जिला पदाधिकारी उदिता सिंह की अध्यक्षता में खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। इस दौरान उन्होंने खनन पदाधिकारी से ओवरलोडेड बालू ट्रक एवं इसके अवैध खनन की रोकथाम हेतु किये जा रहे कार्यों के बारे जानकारी ली।