शनिवार, 20 मार्च 2021

उत्तराखंड एक झलक में, उत्तराखंड की प्रमुख खबरें…

 संवाददाता : देहरादून उत्तराखंड 

उत्तराखंड एक झलक में, उत्तराखंड की प्रमुख खबरें

मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली में उत्तराखण्ड सदन में केदारनाथ धाम के पुर्ननिर्माण एवं बद्रीनाथ धाम को स्मार्ट टाउन के रूप में विकसित करने हेतु वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि परियोजना का क्रियान्वयन प्रधानमंत्री के दूरदर्शी विजन के अनुरूप करें और इस प्रक्रिया में स्थानीय व्यक्तियों के हितों को सर्वोपरि रखा जाय।
 
मुख्यमंत्री ने सीएसआर के रूप में केदारनाथ के विकास कार्यों के लिए एकत्रित राशि रू0 128.00 करोड़ तथा बद्रीनाथ धाम के विकास कार्यों के लिए एकत्रित राशि रू0 245.00 करोड़ का उपयोग प्रधानमंत्री के दिशा-निर्देशों के अनुरूप यथासमय पूर्ण करने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया। मुख्यमंत्री द्वारा अधिकारियों को निर्देश दिये कि विकास कार्यों के अन्तर्गत पंडासमाज एवं स्थानीय हितधारकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा जाए।
 
 
उत्तराखण्ड में स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी एवं विस्तार के लिए भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत करीब 700 करोड़ की धनराशि का अनुमोदन किया गया है। यह धनराशि गत वर्ष की तुलना में करीब 200 करोड़ अधिक है। इसके तहत तकनीकी एवं मानव संसाधन की कमी दूर किए जाने को प्राथमिकता प्रदान की गयी है। इस अनुमोदन पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री का आभार जताया है। साथ ही अधिकारियों को महिला और मातृत्व स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये हैं।
 
 
उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री का पदभार संभालने के बाद पहली बार दिल्ली पहुंचे का उत्तराखण्ड सदन में भव्य स्वागत हुआ। बड़ी संख्या में सदन में मौजूद उत्तराखण्ड मूल के लोगों ने मुख्यमंत्री का फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करेगी। जनता जो चाहेगी वही किया जाएगा। प्रधानमंत्री के दिशा-निर्देशन में उत्तराखण्ड का चहुमुंखी विकास किया जाएगा। उत्तराखण्ड के प्रति प्रधनमंत्री के अपार लगाव की बदौलत ही यहां चारधाम ऑल वैदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल प्रोजेक्ट, केदारनाथ-बदरीनाथ धाम पुनर्निर्माण समेत तमाम परियोजनाएं संचालित हो रही हैं। उत्तराखण्ड विकास के नए आयाम छू रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री बने अभी एक सप्ताह का ही समय हुआ है। इस दौरान उन्होंने जनभावनाओं के अनुरूप फैसले लिये हैं।
 
 
राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने शुक्रवार को राजभवन से त्रिकोण सोसाइटी द्वारा आयोजित उत्तराखण्ड विमेन बाइक रैली 2021 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। महिला सशक्तीकरण हेतु 'अपने को साबित करने के लिए ड्राइव करो' थीम लेकर चली इस महिला बाइक रैली से पूर्व हुए कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल मौर्य ने कहा कि उत्तराखंड विमेन बाइक रैली 2021 का आयोजन उन महिलाओं के लिए एक सार्थक प्रयास है, जो आज समाज में अपनी मेहनत के दम पर आगे बढ़ रही हैं। आज हमारी बेटियां और महिलाएं किसी से कम नहीं हैं। महिला सशक्तीकरण की दिशा में आज हम ते से आगे बढ़ रहे हैं। इस मौके पर उन्होंने युवा पीढ़ी से राजभाषा हिन्दी का अधिकाधिक प्रयोग करने और उसे प्रोत्साहित करने का भी आग्रह किया।