सोमवार, 8 मार्च 2021

बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें...

 संवाददाता : पटना बिहार

बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें...

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, पटना स्थित शेखपुरा शाखा में महाशिवरात्रि महोत्सव पर आयोजित ‘लाइट हाउस’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने दीप प्रज्वलित कर परमपिता शिव बाबा को नमन किया। साथ ही उन्होंने चित्र प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
 
👉 मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पहल पर बिहार में पहला एक्सप्रेसवे आमस-दरभंगा के बनने का रास्ता साफ हो गया है। केंद्र सरकार ने इस सड़क का नामकरण नेशनल हाईवे डी-119 कर दिया है। इस संबंध में केंद्रीय सड़क एवं राजमार्ग परिवहन मंत्रालय ने अधिसूचना जारी कर दी है। अब इसके निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण का काम शुरू होगा। उत्तर से दक्षिण बिहार को जोड़ने वाली इस सड़क के महत्व को देखते हुए मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से बातचीत की थी।
 
👉 मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा की शनिवार को 1 अणे मार्ग, संकल्प में शिष्टाचार मुलाकात हुई। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सिन्हा को प्रतीक चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।
 
👉 पटना के जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम का सफल एवं प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित कराने हेतु संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर अनुमंडलवार मामले की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
 
👉 नवादा के जिला पदाधिकारी यशपाल मीणा की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विधि व्यवस्था, प्रवेशोत्सव, गोल्डन कार्ड निर्माण, वैक्सीनेशन, भूमि विवाद और हर खेत तक पानी से संबंधित प्रखंड स्तरीय समीक्षा बैठक की गई। इस अवसर पर उन्होंने संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
 
👉 बेतिया के जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने जी.एम.सी.एच. के सी-ब्लॉक सेकेन्ड फ्लोर पर डायलिसिस सेन्टर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सिविल सर्जन, अस्पताल अधीक्षक एवं प्राचार्य सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
 
👉 मधुबनी के जिला पदाधिकारी अमित कुमार ने मुख्यमंत्री मत्स्य विकास परियोजना अन्तर्गत अतिपिछड़ी जाति एवं अनुसूचित जाति/जनजाति हेतु अनुदानित दर पर टाउन हॉल में चयनित लाभुकों के बीच वाहन वितरण किया। इस मौके पर अपर समाहर्ता, जिला मत्स्य पदाधिकारी एवं मस्त्य प्रसार पदाधिकारी उपस्थित रहे।
 
👉 सीतामढ़ी की जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में बैंकिंग से संबंधित बैठक की गई। इस दौरान उन्होंने सी.डी. रेशियो, ए.सी.पी. एवं लोन से संबंधित गहन समीक्षा की। साथ ही उन्होंने जीविका, किसान क्रेडिट कार्ड एवं पीएम स्वनिधि स्कीम की भी समीक्षा की।
 
👉 बक्सर के जिला पदाधिकारी अमन समीर की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति के प्रशासी निकाय की बैठक की गई। इस अवसर पर उन्होंने कोरोना काल में बेहतरीन सेवा देने वाले चिकित्सक, ए.एन.एम. और सफाई कर्मियों को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
 
👉 समस्तीपुर के जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने नवनिर्मित बापू सभागार में जेल इंटरनल रेडियो का उद्घाटन किया। सभागार से जो भी सूचनाओं का प्रसारण किया जाएगा वह मंडल कारा के सभी वार्डों में सुनाई देगा।
 
👉 किशनगंज के जिलाधिकारी डॉ. आदित्य प्रकाश की अध्यक्षता में अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण के संबंध में बैठक की गई। इस दौरान उन्होंने मुख्य रूप से एसटी/एससी अत्याचार से संबंधित मुआवजे एवं अन्य सुविधा उपलब्ध कराने की समीक्षा की।
 
👉 मुजफ्फरपुर में ए.ई.एस./चमकी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण के मद्देनजर विभिन्न माध्यमों से जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। इस कड़ी में जिलाधिकारी प्रणव कुमार ने समाहरणालय परिसर से आर.बी.एस.के. के 25 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर प्रखंड और पंचायतों के लिए रवाना किया।