बुधवार, 30 अक्तूबर 2019

भैयादूज पर बीमार बहन से मिलने पहुंचे भगत सिंह कोश्यारी...

प्रजा दत्त डबराल @ पिथौरागढ़ उत्तराखंड 


      महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने भैयादूज के दिन धारचूला में अपनी बड़ी बहन पार्वती कोश्यारी से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। पार्वती देवी (91) कुछ समय से अस्वस्थ हैं। कोश्यारी हर साल अपनी दीदी से मिलने धारचूला आते रहे हैं। राज्यपाल कोश्यारी मंगलवार को ओल्ड सिनेमा लाइन स्थित अपनी बड़ी बहन पार्वती कोश्यारी (परुली दी) के घर पहुंचे।


कोश्यारी बीमार दीदी को देखकर भावुक हो गए। अधिक उम्र होने के कारण परुली दी कम सुन पाती हैं। वह अपने भाई को देखकर हाथ उठाकर आशीर्वाद देने के बाद रो पड़ीं। भगत दा ने दीदी की देखभाल कर रहे भतीजे दलीप सिंह चुफाल और भतीजी कलावती चुफाल से दीदी की अच्छी तरह देखभाल करने को कहा। इस दौरान तमाम लोग वहां मौजूद थे। राज्यपाल कोश्यारी का सुबह 10 बजे धारचूला पहुंचने का कार्यक्रम था।



उनका हेलीकॉप्टर सुबह 10.45 बजे सेना के हेलीपैड पर पहुंचा जहां पुलिस के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। हेलीपैड में भाजपा नेता पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक नबियाल, नगर पालिका अध्यक्ष राजेश्वरी देवी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राधा बिष्ट, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष धन सिंह धामी, जिला उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह बुदियाल, बीडी जोशी, भूपेंद्र थापा, राजू नेगी, जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, पुलिस अधीक्षक आरसी राजगुरु, कुमाऊं स्काउट के कमांडेंट कर्नल आरएस बिष्ट, आर्टिलरी के कमांडेंट राहुल राज ने उनका स्वागत किया।


भगत दा के कुमाऊं मंडल विकास निगम के सभागार पहुंचने पर भाजपा नेता हरीश गुंज्याल और अन्य कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने सीमांत की समस्याओं को लेकर ज्ञापन दिया। कोश्यारी 11.30 बजे अपनी दीदी के घर पहुंचे। उन्होंने 21 मिनट तक बहन से वार्ता की। वह 12.30 बजे हेलीपैड से देहरादून रवाना हो गए।