शुक्रवार, 29 नवंबर 2019

मुख्यमंत्री ने सराज क्षेत्र में विकासात्मक परियोजनाओं की समीक्षा की...

संवाददाता : शिमला हिमाचल


      मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने यहां मण्डी जिला के सराज विधानसभा क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को विभिन्न परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए ताकि अनावश्यक विलम्ब के कारण इन परियोजनाओं की लागत न बढ़े। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के समयबद्ध तरीके से पूरा होने पर लोगों को इनका शीघ्र लाभ मिलेगा।

 


 

जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र का संतुलित एवं समान विकास के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसे क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जो किन्हीं कारणों से पिछड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़कों और पुलों के निर्माण को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। गाड़ागुशैणी-छत्तरी सड़क को मुख्य जिला सड़क घोषित किया जाना चाहिए और हनोगी-खोलानाल सड़क पर बनने वाले डबल लेन पुल के निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सराज क्षेत्र में ईको पर्यटन, सहासिक और धार्मिक पर्यटन के लिए व्यापक सम्भावनाएं हैं। खरसी और जंजैहली के बीच चिन्हित स्थानों पर मूलभूत सुविधाएं विकसित की जाएं। उन्होंने कहा कि जंजैहली में सांस्कृतिक केन्द्र और थुनाग में समुदायिक केन्द्र के निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने टैªकर्स हट और शिकारी देवी, भाटकीधार, सपैणीधार, शटाधार के विकास के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्वतारोहण संस्थान मनाली का परिसर खोलने के कार्य में भी शीघ्रता से कार्यवाही करने के लिए कहा।

 

उन्होंने कहा कि बालीचैकी और गाड़ागुशैणी में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भवनों के निर्माण के लिए प्रर्याप्त धन राशि जारी की जाएगी। उन्होंने छत्तरी में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन को भी तय समय सीमा में पूरा करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं शिक्षण संस्थानों में चिकित्सकों व शिक्षकों के खाली पद शीघ्र भरे जाएंगे।

 

जय राम ठाकुर ने शिक्षा, बागवानी, कृषि, ग्रामीण विकास और पंचायती राज विभागों की प्रगति की भी समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि लम्बित कार्यों को निर्धारित समय में पूरा किया जाए ताकि जनता को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल सके।

 

मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुण्डू ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया।