सोमवार, 6 जनवरी 2020

जल-जीवन-हरियाली यात्रा के क्रम में मधेपुरा में चल रही विभिन्न योजनाओं का मुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण...

संवाददाता : मधेपुरा बिहार 


      जल-जीवन-हरियाली यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मधेपुरा जिले में चल रही विभिन्न योजनाओं का भ्रमण एवं स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने मधेपुरा जिले के सिहेश्वर प्रखंड के गौरीचक पंचायत में कचरा प्रबंधन (तरल अपशिष्ट) हेतु निर्मित एरोविक कंपोस्ट प्लांट का निरीक्षण किया एवं उसकी पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने गौरीपुर पंचायत में होटल सिंहेश्वर बिहार के निकट स्थित तालाब का भ्रमण किया एवं वृक्षारोपण किया। मुख्यमंत्री ने तालाब के भ्रमण के पश्चात जिलाधिकारी को तालाब के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।



इसके पश्चात विभिन्न विमागों द्वारा लगाये स्टॉलों का मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया। जीविका दीदियों द्वारा बनायी गयी मधबनी कलाकृति के अवलोकन के पश्चात मुख्यमंत्री ने कलाकारों के प्रशिक्षण के सुझाव दिये। मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजनान्तर्गत चयनित 5 लाभुकों को मुख्यमंत्री द्वारा वाहन की चाबी प्रदान की गयी। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अंतर्गत मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक रोजगार ऋण योजना के तहत 7 लाभुकों को कुल 24 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त ड्रीप सिंचाई संयंत्र, कृषि वायोफ्लॉक फिश फार्मिंग एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम के अंतर्गत लगाए गए 2000 से अधिक वृक्षों का मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया। स्कूली बच्चों द्वारा बनायी गई हरियाली वृक्ष की मुख्यमंत्री ने प्रशंसा की।


इस अवसर पर अनुसूचित जाति/जनजाति कल्याण मंत्री डॉ० रमेश ऋषिदेव, लघु जल संसाधन एवं विधि मंत्री नरेंद्र नारायण यादव, मुख्य सचिव दीपक कुमार, पुलिस महानिदेशक गुप्तेश्वर पांडेय, प्रधान सचिव पथ निर्माण अमृत लाल मीणा, प्रधान सचिव ग्रामीण विकास अरविंद कुमार चौधरी, मधेपुरा जिले के प्रभारी सचिव राहुल सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव मनीष कुमार वर्मा, कोशी प्रमंडल के आयुक्त के. सैंथिल कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, सहरसा के पुलिस उप महानिरीक्षक सुरेश चौधरी, जिलाधिकारी मधेपुरा नवदीप शुक्ला, पुलिस अधीक्षक संजय कुमार सहित अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।