बुधवार, 12 फ़रवरी 2020

राज्यपाल ने किया 58 व्यक्तियों को अलंकृत...

संवाददाता : शिमला हिमाचल


      राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने राजभवन में आयोजित ‘अलंकरण समारोह’ में पुलिस, सुधार सेवा, अग्निशमन सेवा तथा गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा पदकों के 58 विजेताओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर भी उपस्थित थे।

 

राज्यपाल ने विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक और सराहनीय सेवा के लिए सम्मानित व्यक्तियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान हम सब के लिए गौरव की बात है क्योंकि, उनकी उत्कृष्ट सेवाएं समाज के लिए उदहारण हैं और अन्यों को भी प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के अंदर शांति बनाने का जिम्मा पुलिस का है और यह जिम्मेदारी पुलिस बेहतर तरीके से निभा रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में नशे के खिलाफ पुलिस के अधिकारी व जवान मजबूती से काम कर रहे हैं। नशे के खिलाफ अभियान के लिए कई पुलिस कर्मियों को आज पुरस्कार भी दिया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनका यह सहयोग इस बुराई को खत्म करने में अन्यों में भी जोश भरेगा।

 


 

बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि नशा आज हम सबके लिए बड़ी चुनौती बन गया है। नशे के खिलाफ सरकार ने कई गंभीर प्रयास किए हैं। सरकार नशे को नियंत्रित करने व लोगों को जागरूक करने की दिशा में काम कर रही है। लेकिन, इस कार्य में पुलिस का डर और निगरानी बहुत जरूरी है। कानून के दायरे में ऐसे असमाजिक तत्वों को नियंत्रित कर हम युवा शक्ति को इस सामाजिक बुराई से बचा सकते हंै।

 

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पुलिस देश भर में अपनी निर्भय, सत्यनिष्ठ और निष्पक्ष छवि के लिए जानी जाती है। यह छवि हमेशा बनी रहनी चाहिए। जवानों में उच्च प्रतिबद्धता को प्रदर्शित कर व्यावसायिकता, अखंडता, अनुशासन और कार्य नैतिकता के उच्च मानकों को स्थापित करके ही यह मुकाम हासिल किया जा सकता है।

 

राज्यपाल ने विशिष्ट सेवा के लिए प्रदत्त राष्ट्रपति पुलिस पदक के लिए ए. पी. सिद्वीकी, राम देव, परषोतम चन्द तथा अशोक तिवारी को अलंकृत किया। इसके अलावा, सराहनीय सेवा के लिए प्रदत्त पुलिस पदक के 19 विजेताओं को सम्मानित किया गया, जिनमें ए. पी. सिंह, हिमांशु मिश्रा और शुभ्रा तिवारी हीरा भी शामिल हैं। सराहनीय सेवा के लिए प्रदत्त सुधार सेवा पदक के लिए कुल तीन विजेताओं को सम्मानित किया गया, जिनमें सुशील कुमार, हरिदत्त तथा पंकज शर्मा शामिल हैं।

 

विशिष्ट सेवा के लिए प्रदत्त राष्ट्रपति गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा पदक के दो विजेताओं को अलंकृत किया गया। सराहनीय कार्य के लिए प्रदत्त गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा पदक के 16 विजेताओं को सम्मानित किया गया जबकि विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति अग्निशमन सेवा पदक के लिए एक विजेता और सराहनीय कार्य के लिए अग्निशमन सेवा के लिए कुल 12 विजेताओं को सम्मानित किया गया।