शुक्रवार, 20 मार्च 2020

दिल्ली में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, तेज बारिश और ओलावृष्टि का अनुमान...

संवाददाता : नई दिल्ली


      दिल्ली में एक बार फिर से मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है और तेज बारिश हो सकती है। गुरुवार को जहां आसमान में बादल रहने के आसार हैं, वहीं दिल्ली में 20 और 21 मार्च को बारिश और ओलावृष्टि के आसार हैं। इसके बाद 24 और 25 तारीख को भी इस तरह की स्थिति बन सकती है।मौसम विभाग के अनुसार, सप्ताहभर के बीच लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ के चलते बरसात की संभावना है। इससे तापमान में भी गिरावट आएगी।



बुधवार को ज्यादातर हिस्सों में धूप रही। हालांकि, बीच-बीच में बादलों की आवाजाही लगी रही। अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम है।मौसम में बदलावों के चलते दिल्ली की हवा अपेक्षाकृत साफ-सुथरी बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक बुधवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 151 रहा। इस स्तर की हवा को मध्यम श्रेणी में रखा जाता है। गुरुवार के दिन भी वायु गुणवत्ता सूचकांक इसी के आसपास रहने की संभावना है।


दो पश्चिमी विक्षोभों के चलते अगले सात दिनों में तापमान सामान्य तौर पर 30 डिग्री या उससे नीचे रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने सिर्फ 21 तारीख को अधिकतम तापमान 31 डिग्री पर पहुंचने की संभावना जताई है। जबकि, इसके बाद तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक रहने के आसार हैं।