रविवार, 27 दिसंबर 2020

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को कैबिनेट की बैठक संपन्न हुई...

 संवाददाता : पटना बिहार

बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें  :

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को कैबिनेट की बैठक संपन्न हुई। इस मौके पर बिहार नगरपालिका (संशोधन) अधिनियम, 2020 के आलोक में राज्य में नये नगर निकायों का गठन, पूर्व के गठित नगर निकायों का उत्क्रमण तथा क्षेत्र विस्तारण किये जाने की स्वीकृति प्रदान की गई। इसके फलस्वरूप राज्य के अन्तर्गत शहरीकरण जनसंख्या में वृद्धि के साथ-साथ नगर निकायों में सुव्यवस्थित शहरीकरण तथा इन क्षेत्रों में नागरिक सुविधा का विस्तार हो सकेगा।
 
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को लोहिया पथ चक्र परियोजना का जायजा लिया। उन्होंने सर्कुलर रोड जंक्शन, पुनाईचक जंक्शन एवं हड़ताली मोड़ जंक्शन के पास मल्टी जंक्शन ट्रैफिक व्यवस्था का काम देखा। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर सगुना मोड़ से डाकबंगला चौराहा तक कहीं भी सिग्नल पर रुकने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने निर्देश देते हुए कहा कि जून 2021 के अंत तक सर्कुलर रोड जंक्शन का काम पूरा कर आवागमन शुरू कराएं। इस दौरान उन्होंने करबिगहिया फ्लाईओवर का भी निरीक्षण किया। यह चार लेन की होगी, जो करबिगहिया चौक से चिरैयांटांड़ फ्लाईओवर के ऊपर से कंकड़बाग फ्लाईओवर में जाकर मिलेगी। उन्होंने इसे जून 2022 तक पूरा करने का निर्देश दिया।
 
विकास भवन में वित्तीय वर्ष 2020-21 को लेकर स्वास्थ्य मंत्री श्री मंगल पांडेय ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक की। इस मौके पर प्रधान सचिव एवं अन्य वरीय पदाधिकारी भी मौजूद थे।
 
गया के जिला पदाधिकारी अभिषेक सिंह एवं वरीय पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा ने गांधी मैदान में मगध फिटनेस सेन्टर का उद्घाटन किया। इसके बन जाने से शहरवासियों को अब काफी फायदा होगा। इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
 
मोतिहारी के जिलाधिकारी शीर्षत कपिल अशोक की अध्यक्षता में शहर के विकास एवं सौंदर्यीकरण को लेकर महत्वपूर्ण बैठक की गई। शहर की सुंदरता, डिवाइडर का निर्माण, सड़कों का चौड़ीकरण, पोल की सिफ्टिंग, नाले का निर्माण एवं हटाये गए अतिक्रमण की सरकारी जगह पर पिलरिंग के संबंध में चर्चा की गई। इस मौके पर उन्होंने कई निर्देश दिए।
 
अररिया के जिलाधिकारी प्रशांत कुमार सीएच द्वारा जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन एवं गुणवत्ता को लेकर लगातार स्थल का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में उन्होंने एएनएम कॉलेज के निर्माण स्थल का भौतिक निरीक्षण किया और कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
 
जहानाबाद जिले में 2019 बैच के कुल 9 परीक्ष्यमान भारतीय प्रशासनिक सेवा के पदाधिकारियों द्वारा बराबर की गुफाओं का भ्रमण किया गया। इस कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी नवीन कुमार, उप विकास आयुक्त एवं अनुमंडल पदाधिकारी भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में सभी परीक्ष्यमान पदाधिकारियों को जिला पदाधिकारी ने जहानाबाद के गौरवशाली इतिहास का सूचक वाणावर का स्मृति चिह्न भेंट की।