शनिवार, 26 दिसंबर 2020

पुलिस को अब भूमि से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी...

 संवाददाता : पटना बिहार

बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें  :

पुलिस को अब भूमि से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। राज्य सरकार द्वारा पुलिस अधिकारियों को प्रशिक्षित करने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर भूमि सुधार एवं भूमि विवादों से संबंधित मामलों को निपटाने हेतु पुलिस पदाधिकारियों को जनवरी, 2021 में अनुग्रह नारायण सिंह समाज अध्ययन संस्थान, पटना में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
 
मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों को क्रिसमस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि प्रभु यीशु मसीह का संदेश त्याग, शांति, प्रेम एवं करुणा का है, जो सम्पूर्ण मानव जाति के कल्याण के लिए है। उनके संदेश को हम अपने जीवन में उतारें। क्रिसमस का पर्व राज्यवासियों में प्रेम, सद्भाव के साथ-साथ सुख, शांति एवं समृद्धि लेकर आयेगा। साथ ही उन्होंने अपील करते हुए कहा कि कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव का सबसे अच्छा उपाय सोशल डिस्टेंसिंग है। बाहर निकलते समय मास्क का प्रयोग जरूर करें।
 
66वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा (BPSC) का आयोजन 27 दिसंबर को 77 परीक्षा केंद्रों पर एक पाली में 12:00 बजे मध्याह्न से 2:00 बजे अपराह्न तक होगी। स्वच्छ, शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त परीक्षा के संचालन हेतु पटना के जिलाधिकारी श्री कुमार रवि एवं वरीय पुलिस अधीक्षक उपेंद्र कुमार शर्मा ने संयुक्त आदेश जारी कर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की है।

दरभंगा के जिला दण्डाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने बिहार कर्मचारी चयन आयोग की प्रथम इंटर स्तरीय संयुक्त (मुख्य) प्रतियोगिता परीक्षा-2014 की तैयारी को लेकर सभी केन्द्राधीक्षकों और दण्डाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
 
BSSC द्वारा आयोजित होने वाली प्रथम इंटर स्तरीय संयुक्त (मुख्य) प्रतियोगिता परीक्षा-2014 को लेकर गया के जिला दंडाधिकारी अभिषेक सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार की अध्यक्षता में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी के साथ बैठक की गई। इस दौरान उन्होंने कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
 
भोजपुर के जिलाधिकारी ने कोविड-19 टीकाकरण के ट्रायल हेतु स्वेच्छा से आगे आये जिले के वॉलेंटियर्स एवं स्वास्थ्य कर्मियों को प्रथम राउंड का टीका लगवाने पर प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
 
सहरसा के ज़िलाधिकारी कौशल कुमार ने NIC वेबसाइट पर शिक्षक नियोजन मेधासूची अपलोड करने, पंचायत चुनाव हेतु मतदाता सूची की तैयारी, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना की प्रगति, आगामी 14 जनवरी को प्रखंड स्तरीय ऋण वितरण शिविर का आयोजन एवं गृह प्रवेश अभियान के संबंध में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों एवं पंचायत सचिवों के साथ समीक्षा बैठक की।
 
बेगूसराय के जिला पदाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा की अध्यक्षता में कारगिल विजय सभा भवन में जिलास्तरीय परामर्शदात्री समिति एवं जिलास्तरीय समीक्षा समिति की बैठक की गई। इस दौरान उन्होंने कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
 
खगड़िया के जिलाधिकारी ने गौछारी एवं मुस्किपुर पंचायत में जैविक खेती, (केला, पान, पपीता एवं शिमला मिर्च की खेती) करने वाले प्रगतिशील किसानों से मिलकर उनके कृषि कार्य का अवलोकन किया एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने धान अधिप्राप्ति, नल-जल योजना एवं पेंशन योजना का फीडबैक भी लिया।
 
 किशनगंज के जिलाधिकारी ने 9 माह से 5 साल तक के बच्चों के लिए विटामिन ए खुराक अभियान का शुभारम्भ किया। इस मौके पर उन्होंने स्वयं विटामिन ए की खुराक बच्चों को पिलाई तथा सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि विटामिन ए की खुराक बच्चों को अनिवार्य रूप से पिलवाएं।
 
अररिया के जिलाधिकारी ने भरगामा प्रखंड अंतर्गत संचालित विभिन्न लोक कल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नल जल योजना के कार्यों की गुणवत्ता की जांच की और कार्यपालक अभियंता को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
 
सीतामढ़ी के जिलाधिकारी ने पुनौराधाम परिसर में मिथिला पेंटिंग्स सहित पर्यटन विभाग द्वारा कराये जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने परिसर के सौंदर्यीकरण एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।