सोमवार, 21 दिसंबर 2020

कृषि के विकास में सामुदायिक रेडियो स्टेशनों का महत्वपूर्ण योगदान होगा : कुलपति

 संवाददाता चंडीगढ़ हरियाणा 

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि  विश्वविद्यालय हिसार के कुलपति प्रोफेसर समर सिंह ने कहा कि कृषि के विकास में सामुदायिक रेडियो स्टेशनों का महत्वपूर्ण योगदान होगा। इन स्टेशनों पर किसानों को ध्यान में रखकर कार्यक्रम प्रसारित किए जाएंगे। इन पर प्रसारित कार्यक्रमों के माध्यम से किसान सम-सामयिक विषयों पर संपूर्ण जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय एक साथ सात सामुदायिक रेडियो स्टेशन स्थापित करने वाला देश का पहला कृषि विश्वविद्यालय बन गया है। यह जानकारी उन्होंने यहां प्रेस को जारी एक बयान में दी । उन्होंने बताया कि ये सामुदायिक रेडियो स्टेशन हिसार, रोहतक, झज्जर, पानीपत, कुरूक्षेत्र , जींद व सिरसा में स्थापित हैं।

उन्होंने कहा कि इन रेडियो स्टेशन के मार्फ़त किसानों को मौसम सम्बन्धी जानकारी, विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों की सलाह, पशुपालन एवं गृह विज्ञान से संबंधित नवीनतम जानकारी प्रदान की जाएगी। सामुदायिक रेडियो स्टेशन स्थानीय संस्कृति, कला एवं ज्ञान को  बढ़ावा देने के साथ - साथ किसानों की आय दोगुना करने के माननीय प्रधानमन्त्री श्री नरेंद्र मोदी जी के उदेश्य को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने बताया कि इन स्टेशनों पर महिलाओं को स्वावलंबी व स्वरोजगारोन्मुखी बनाने संबंधित कार्यक्रम भी सुव्यविस्थत तरीके से प्रसारित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि रेडियो स्टेशनों के स्थापित होने के बाद किसानों व वैज्ञानिकों के संबंध अधिक घनिष्ठ होंगे और किसानों को हर प्रकार की जानकारी मिलती रहेगी। उन्होंने कहा कि इनसे किसानों को फसलों की उन्नत किस्मों के साथ-साथ उनकी बिजाई संबंधी जानकारी, बिमारियों व कीटों के समाधान संबंधी जानकारी, मौसम की  जानकारी, विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों की सलाह, पशुपालन एवं गृह विज्ञान से संबंधित नवीनतम जानकारी प्रदान की जाएगी।

उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत रूप से किसानों एवं कृषि-वैज्ञानिकों का आपसी संपर्क कम हो पाता है या संभव ही नहीं होता। ऐसे में सामुदायिक रेडियो स्टेशन कृषि से संबंधित उन्नत तकनीकों की जानकारी पहुंचाने की एक महत्वपूर्ण कड़ी बन सकते हैं।

विस्तार शिक्षा निदेशक डॉ आर.एस. हुड्डा ने कहा कि यह सभी रेडियो स्टेशन हरियाणा सरकार की राष्ट्रीय कृषि विकास योजना व आत्मा स्कीम के तहत स्थापित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में सबसे पहले 29 नवंबर 2009 को सामुदायिक रेडियो स्टेशन की स्थापना की गई और एफ.एम. 91.2 मैगाहर्टज पर कार्यक्रम प्रस्तुत करने शुरू कर दिए। इन रेडियो स्टेशनों से दिन में दो बार सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तथा शाम को 2:30 बजे से 4:30 बजे कृषि पशुपालन, सरकारी योजनाओं, मौसम संबंधी जानकारी व स्थानीय कलाकारों द्वारा हरियाणवी संस्कृति कार्यक्रम प्रसारित किए जाएंगे।

सह-निदेशक (फार्म परामर्श सेवा) डॉ. सुनील ढाण्डा ने कहा कि ये रेडियो स्टेशन एक लंबे एवं जटिल प्रयास का परिणाम हैं क्योंकि इनको स्थापित करने के लिए विस्तार शिक्षा निदेशालय ने लगातार कई वर्षों तक भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों से एनओसी प्राप्त करने के बाद ही किसानों को समर्पित किए गए हैं। इस परियोजना के नोडल ऑफिसर, सह-निदेशक (विस्तार) डॉ. कृष्ण यादव ने बताया कि इन सामुदायिक रेडियो स्टेशनों की स्थापना भारत सरकार के उपक्रम ब्रॉडकास्टिंग इंजीनियरिंग कंसल्टेंट्स इंडिया लिमिटेड (बेसिल) के सहयोग से की गई है।