शनिवार, 2 जनवरी 2021

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नये साल, 2021 का कैलेंडर और डायरी जारी किया...

 संवाददाता : पटना बिहार

बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें  :

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुख्य सचिवालय में शुक्रवार को नये साल, 2021 का कैलेंडर और बिहार डायरी जारी किया। इस मौके पर मुख्य सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार और सचिव मनीष कुमार वर्मा तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव अनुपम कुमार और निदेशक प्रदीप कुमार झा मौजूद रहे।
 
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुख्य सचिवालय में ग्रामीण विकास विभाग/जीविका की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेश एवं देशवासियों को नववर्ष, 2021 की बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि 2021 समस्त बिहारवासियों एवं देशवासियों के लिए सुख, शान्ति, सद्भाव, समृद्धि एवं अनंत सफलताओं का वर्ष होगा। वहीं इस मौके पर उपमुख्यमंत्री श्री तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी ने भी प्रदेश एवं देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
 
लॉकडाउन में दूसरे प्रदेश व देश से लौटे बेतिया के लोगों ने बिहार सरकार की मदद से अपने हुनर का ऐसा कमाल दिखाया कि अब उनके बनाए सामान दूसरे राज्यों और देशों में जा रहे हैं। गुरुवार को चनपटिया स्टार्टअप जोन में यह सब देखकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने बिहार के तमाम जिलों में ‘चनपटिया मॉडल’ को लागू करने का अफसरों को निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि हमारा मकसद है कि बिहार में रोजगार के अवसर तेजी से पैदा किए जाएं। हम उद्योगों को बढ़ावा देने में लगे हैं। छोटे-छोटे उद्योगों के जरिये बहुत सारे लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
 
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को पश्चिमी चम्पारण के वाल्मीकिनगर पहुंचे और मदनपुर-वाल्मीकिनगर पथ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क के बचे हुए निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस पथ का निर्माण कार्य तेजी से पूरा करें ताकि वाल्मीकिनगर आने वाले पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
 
पटना के प्रमंडलीय आयुक्त संजय कुमार अग्रवाल ने ठोस कचरा प्रबंधन की निगरानी एवं नियंत्रण की ऑनलाइन पद्धति का निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने अधिकारियों को सभी वार्ड में इस सिस्टम की जानकारी देने तथा सफल कार्यान्वयन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
 
सहरसा के जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। साथ ही पंचायत चुनाव, शिक्षक नियोजन, पक्की गली-नाली, हर घर नल का जल, वासगीत पर्चा वितरण सहित विभिन्न योजनाओं की भी समीक्षा की गई।
 
दरभंगा के जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एस.एम. ने जिला सहकारिता पदाधिकारी एवं जिला पंचायती राज पदाधिकारी के साथ बेनीपुर प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान नल-जल योजना एवं धान अधिप्राप्ति की गहन समीक्षा की।
 
बेगूसराय के जिला पदाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा ने वीरपुर प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां उपस्थित तमाम अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
 
सहरसा के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार अधिनियम के क्रियान्वयन हेतु जिला स्तरीय सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक तथा अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
 
रानीगंज प्रखंड अंतर्गत संचालित पैक्स गोदाम, बरबन्ना, हसनपुर एवं पचीरा का अररिया के जिला पदाधिकारी प्रशांत कुमार सी.एच. ने औचक निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने संबंधित पैक्स अध्यक्ष को सी.सी. लिमिट नियमानुसार बढ़ाकर अधिक से अधिक किसानों से ससमय धान क्रय करने का निर्देश दिया।