शनिवार, 2 जनवरी 2021

राज्य मंत्री कमलेश ढांडा ने विभाग के पोषण कैलेंडर- 2021 का अनावरण किया...

 संवाददाता चंडीगढ़ हरियाणा 

हरियाणा की महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री कमलेश ढांडा ने शुक्रवार चण्डीगढ़ स्थित अपने निवास स्थान पर विभाग के पोषण कैलेंडर- 2021 का अनावरण किया। ढांडा ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए विभाग की ओर से चलाए जा रहे पोषण अभियान से संबंधित जानकारी पर आधारित एक टेबल कैलेंडर-2021 भी जारी किया। उन्होंने बताया कि यह टेबल कैलेंडर सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों पर उपलब्ध रहेगा।

इस पोषण कैलेंडर में बच्चों के उचित पोषण व आहार तथा स्वास्थ्य से संबंधित उचित जानकारी के साथ-साथ लड़कियों की स्कूली एवं उच्च शिक्षा को पूरा करवाने, किशोरियों को जागरूक करने, गर्भावस्था के दौरान महिलाओं की पूरी जांच, संतुलित आहार और उन्हें लगने वाले टीकों के बारे में जानकारी उपलब्ध करवाई गई है।

उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त, इस कैलेंडर में अनीमिया से संबंधित तथा बच्चों में अन्य बीमारियों से बचाव के लिए जानकारी भी उपलब्ध है। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केन्द्रों में हर महीने ग्रामीण स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस और समुदाय आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं जिसमें बच्चों का वजन और लम्बाई मापी जाती है। इसलिए अपने बच्चों को आंगनवाड़ी केन्द्र जरूर भेंजे।

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की महानिदेशक रेणु एस. फुलिया, संयुक्त निदेशक राज बाला कटारिया व पूनम रमण के अतिरिक्त विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।