मंगलवार, 26 जनवरी 2021

उत्तराखंड की प्रमुख खबरें...

 संवाददाता : देहरादून उत्तराखंड

मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायतों, क्षेत्र पंचायतों एवं जिला पंचायतों को डिजिटल माध्यम से 93.32 करोड़ की धनराशि हस्तान्तरित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रक्रिया से राजकीय कार्यों में पारदर्शिता आएगी। इस महत्वाकांक्षी योजना के अन्तर्गत चतुर्थ राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों के क्रम में राज्य की त्रिस्तरीय पंचायतों के लिए वित्तीय वर्ष 2020-21 की माह अक्टूबर, नवम्बर, दिसम्बर, 2020 की मासिक ग्रान्ट कुल धनराशि रू 93.3153 करोड़ का हस्तान्तरण किया गया है। जिसमें ग्राम पंचायत को 28.9536, क्षेत्र पंचायत को 21.7134 तथा जिला पंचायत को 42.6483 की धनराशि शामिल है।

                                              

राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मुख्य सचिव ओमप्रकाश ने सचिवालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शपथ दिलाई। मुख्य सचिव ने कहा कि लोकतंत्र की सफलता के लिए आवश्यक है कि देश का प्रत्येक नागरिक अपने मत का प्रयोग करे। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग ने यह एक अच्छी परंपरा शुरू की है। इस शपथ का हर नागरिक को पालन करना चाहिए। मुख्य सचिव ने इस अवसर पर राज्य निर्वाचन आयोग की थीम एवं वार्षिक कैलेंडर का भी विमोचन किया।

मुख्यमंत्री ने सचिवालय में विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले 17 अधिकारियों को मुख्यमंत्री उत्कृष्टता एवं सुशासन पुरस्कार 2019-20 से पुरस्कृत किया। व्यक्तिगत श्रेणी में 3 अधिकारियों को एवं सामूहिक श्रेणी के 3 पुरस्कार प्रदान किए गए। उन्होंने कहा कि अच्छा कार्य करने वालों को प्रोत्साहन मिलना जरूरी है। इससे अन्य लोग भी प्रेरणा लेते हैं। इस अवसर पर मेयर सुनील उनियाल गामा, मुख्य सचिव ओमप्रकाश एवं शासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।