शुक्रवार, 8 जनवरी 2021

मुख्यमंत्री गुरुवार को पूर्णिया जिले के धमदाहा प्रखंड के गंगा प्रसाद उत्क्रमित उच्च विद्यालय, दमगड़ा पहुंचे...

 संवाददाता : पटना बिहार

बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें  :

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को पूर्णिया जिले के धमदाहा प्रखंड के गंगा प्रसाद उत्क्रमित उच्च विद्यालय, दमगड़ा पहुंचे। जहां उन्होंने अरण्यक एग्री प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (जीविका) का निरीक्षण किया और संवाद कार्यक्रम में भाग लिया।

👉मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को पुलिस मुख्यालय में विधि-व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि हम अपने जीवन में ऐसे ही संतुष्ट नहीं होते हैं, बल्कि इसके लिए हम रोज काम करते हैं। 2015 के बाद ‘जनता के दरबार में मुख्यमंत्री’ कार्यक्रम को बंद कर दिया गया था, क्योंकि लोक शिकायत निवारण कानून लाया गया था। लेकिन इधर महसूस हुआ कि लोगों को कष्ट हुआ है। 7 लाख से ज्यादा लोगों ने लोक शिकायत निवारण कानून का फायदा उठाया है। कोरोना फेज के बाद ‘जनता के दरबार में मुख्यमंत्री’ कार्यक्रम फिर शुरू करेंगे।
 
👉मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को राजधानी वाटिका पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पार्क की सुविधाओं का जायजा लिया। बाउंसिंग पर बड़ी संख्या में बच्चों को मस्ती करते देख वे प्रसन्न हुये। उन्होंने राजधानी वाटिका में बच्चों के साथ सेल्फी भी खिंचवाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि मोर के लिए यहां कोई दिक्कत नहीं है। मोर की सुविधाओं के लिए सब तरह के इंतजाम किये गये हैं।
 
👉बिहार के सभी नगर निकायों में सम्राट अशोक भवन का निर्माण होना है। जहां जमीन नहीं मिली है, वहां तत्काल जमीन की व्यवस्था की जाए। जमीन मिलते ही विभाग निर्माण के लिए धनराशि दे देगा। यह निर्देश बुधवार को भागलपुर और दरभंगा प्रमंडल के शहरी निकायों की समीक्षा बैठक में उपमुख्यमंत्री सह नगर विकास एवं आवास मंत्री तारकिशोर प्रसाद ने दिया।

👉पटना के प्रमंडलीय आयुक्त संजय कुमार अग्रवाल ने वरीय अधिकारियों की टीम के साथ पटना विश्वविद्यालय परिसर एवं एन.आई.टी. को अतिक्रमण मुक्त कराने के संबंध में स्थल निरीक्षण किया। माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के आलोक में उन्होंने स्थल निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
 
👉बेगूसराय के जिला पदाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा की अध्यक्षता में वरिष्ठ नागरिकों की जिला समिति की बैठक की गई। इसका मुख्य उद्येश्य माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007 के प्रभावी तथा समन्वित क्रियान्वयन पर सलाह देना व जिले के वरिष्ठ नागरिकों के संबंध में अन्य कृत्यों का अनुपालन सुनिश्चित कराना है।
 
👉अररिया के जिला पदाधिकारी प्रशांत कुमार सीएच के निर्देश के आलोक में लगातार जिले में पूर्ण एवं कार्यरत लोक कल्याणकारी व विकासात्मक योजनाओं की गुणवत्ता की स्थल जांच वरीय पदाधिकारी द्वारा कराया जा रहा है ताकि गुणवत्तापूर्ण कार्य हो सके।
 
👉बिहार स्टेट फूड एंड सिविल सप्लाई कारपोरेशन लिमिटेड के अनुमंडल स्तरीय सी.एस.आर. प्राप्ति केंद्र का उद्घाटन किशनगंज जिला पदाधिकारी डॉ आदित्य प्रकाश ने किया। इस मौके पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
 
👉जिला स्वास्थ्य समिति के तत्वावधान में पल्स पोलियो कार्यक्रम से सम्बंधित जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक की गई। मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी प्रणव कुमार की अध्यक्षता में आहूत बैठक में उन्होंने कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
 
👉वैक्सीनेशन के प्रथम चरण में 8 जनवरी, 2021 को पोर्टल पर निबंधित जिले के स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन देने हेतु ड्राई रन का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में वैक्सीनेशन के लिए गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक बक्सर के जिला पदाधिकारी अमन समीर की अध्यक्षता में की गई।
 
👉मधुबनी के जिला पदाधिकारी अमित कुमार ने जिले के विभिन्न अनुमंडल, प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन एवं परिवाद का त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया।
 
👉सिवान के जिलाधिकारी ने लोक कल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं की प्रगति एवं गुणवत्ता की जांच की। इस क्रम में उन्होंने हसनपुरा प्रखंड अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा कृषि विपणन वर्ष 2020-21 में धान अधिप्राप्ति के निमित पैक्स, मन्द्रपाली एवं कोल्हुआ राइस मिल का भी निरीक्षण किया।
 
👉गया के जिला पदाधिकारी अभिषेक सिंह ने बेलागंज प्रखंड सह अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्य संस्कृति को और अधिक प्रभावी बनाने तथा जनोपयोगी व कल्याणकारी योजनाओं का तेजी से क्रियान्वयन कराने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया।