सोमवार, 1 फ़रवरी 2021

बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें...

 संवाददाता : पटना बिहार

बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें  :

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से पिछले दिनों रैमन मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित प्रसिद्ध पर्यावरणविद् जलपुरुष डॉ. राजेन्द्र सिंह ने मुलाकात की। डॉ. सिंह ने बिहार में पर्यावरण संरक्षण के लिये चलाये जा रहे जल-जीवन-हरियाली अभियान के बारे में मुख्यमंत्री से विस्तृत चर्चा की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिये बिहार में चलाये जा रहे इस अभियान की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ‘जल को संरक्षित कर और हरियाली को बढ़ावा देकर हमलोग आने वाली पीढ़ी की रक्षा कर सकेंगे’ मुख्यमंत्री की यह सोच काफी दूरदर्शी है।

👉 मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में कला संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री मंगल पांडेय ने घोषणा करते हुए कहा कि जल्द ही बिहार में कला विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी। इसके लिए विभाग विस्तृत प्रस्ताव बनाने में जुट गया है। पटना के ज्ञान भवन में शनिवार को विभाग ने सम्मान समारोह आयोजित कर कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बिहार के 37 कलाकारों को सम्मानित किया है। इस मौके पर उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए इसकी घोषणा की।
बाइट- मंत्री मंगल पांडेय, कला संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार।
 
👉 पटना के जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के तहत द्वितीय अपील की सुनवाई की। उन्होंने कुल 23 मामलों में से 16 मामलों का निष्पादन किया तथा 7 मामलों में आगे की तिथि निर्धारित की।
 
👉 मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी प्रणव कुमार की अध्यक्षता में एईएस (चमकी बुखार) के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक की गई। इस मौके पर उपविकास आयुक्त, एस.के.एम.सी.एच. के प्राचार्य और चिकित्सक, सिविल सर्जन तथा यूनिसेफ और केयर के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
 
👉 समस्तीपुर के जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कोविड-19 वैक्सीनेशन से संबंधित समीक्षा बैठक की गई। इस दौरान उन्होंने कहा कि 1 से 8 फरवरी के बीच आंगनवाड़ी सेविका और सहायिका का टीकाकरण कराया जाना है, टीकाकरण हेतु उन्होंने सीडीपीओ को रोस्टर बनाने एवं निर्धारित तिथि तक टीकाकरण का कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया। इस संबंध में उन्होंने डीपीओ, आईसीडीएस को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
 
👉 दरभंगा के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. की अध्यक्षता में कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की गयी। उन्होंने छूटे हुए स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण 7 फरवरी, 2021 तक हर हाल में पूरा कर लेने का निर्देश दिया।
 
👉 खगड़िया के जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष ने बेलदौर प्रखंड अंतर्गत बेला नवाद ग्राम का भ्रमण किया एवं वार्ड संख्या-12 में मुख्यमंत्री पेयजल निश्चय योजना के क्रियान्वयन का जायजा लिया। उन्होंने लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान अंतर्गत प्रोत्साहन राशि प्राप्ति की भी जानकारी ली।
 
👉 नवादा के जिला पदाधिकारी यशपाल मीणा एवं पुलिस अधीक्षक डी.एस. सांवला राम ने इंटरमीडिएट परीक्षा के सफल संचालन हेतु ब्रीफिंग की। इस मौके पर पदाधिकारियों को पूरी पारदर्शिता के साथ परीक्षा संपन्न कराने संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
 
👉 गया के जिला पदाधिकारी अभिषेक सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सलाहकार समीक्षा समिति की बैठक की गई। उन्होंने मुख्य रूप से जीविका दीदियों द्वारा किए जा रहे कार्यों पर चर्चा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
 
👉 बक्सर के जिला पदाधिकारी अमन समीर ने वीडियो कॉफ्रेसिंग के माध्यम से अनुमण्डल पदाधिकारी, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, पैक्स अध्यक्ष एवं व्यापार मंडल के लोगों के साथ धान अधिप्राप्ति की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
 
👉 वैशाली की जिला पदाधिकारी उदिता सिंह ने लालगंज के भटौली भगवान पंचायत पैक्स में धान अधिप्राप्ति कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पैक्स को लक्ष्य प्राप्त करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये तथा उपस्थित किसानों से बातचीत भी कीं।