शनिवार, 27 फ़रवरी 2021

उत्तराखंड एक झलक में, उत्तराखंड की प्रमुख खबरें…

 संवाददाता : देहरादून उत्तराखंड

उत्तराखंड एक झलक में, उत्तराखंड की प्रमुख खबरें…

मुख्यमंत्री शुक्रवार उत्तराखण्ड काॅन्क्लेव कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने इस अवसर पर राज्य सरकार द्वारा पिछले चार वर्षों में राज्य हित में लिए गए जन कल्याणकारी निर्णयों की जानकारी देने के साथ ही औद्योगिक एवं सीमांत क्षेत्रों के विकास, पर्यटन, कृषि, बागवानी, ग्रामीण विकास, आपदा प्रबन्धन, महिला एवं किसान कल्याण के संबंध में लिए गए अनेक नीतिगत निर्णयों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा प्रयास बिना किसी भेदभाव के राज्य के सभी क्षेत्रों में समग्र विकास का रहा है।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में दायित्व धारियों से भेंट कर आह्वान किया कि वे जन समस्याओं के समाधान तथा जन कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में सहयोगी बनें। उन्होंने कहा कि आगामी 18 मार्च को प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सभी विधान सभा क्षेत्रों में कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना है। इस आयोजन की सफलता में भी सभी को सहयोगी बनना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन दायित्व धारियों को जो भी दायित्व मिला है वे उसका पूरे मनोयोग से निर्वहन करें। पिछले चार साल में राज्य के सन्तुलित एवं समग्र विकास के लिये जो प्रभावी प्रयास किये गये हैं, उन्हें जनता तक पहुंचाने का भी कार्य किया जाय।
 
 
लच्छीवाला में आदर्श औद्योगिक स्वायत्तता सहकारी समिति की पहल पर आयोजित 'भारतीय संस्कृति एवं उसका महत्व व बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए सतत् प्रयास कर रही है। इन प्रयासों से आज हर क्षेत्र में महिलायें आगे आई हैं। 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' कार्यक्रम के तहत उधम सिंह नगर जनपद देश के टॉप टेन जनपदों में चुना गया। कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में चारे की समस्या से निजात के लिये हम मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना लाये हैं, जिसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं के सिर से घास का बोझ खत्म करना है। अब पैतृक संपत्ति में महिलाएं सह खातेदार होंगी। यह एक बहुत बड़ा रिफार्म है जिसकी शुरूआत उत्तराखंड से हुई है।
 
 
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को डोईवाला विधानसभा के बद्रीपुर क्षेत्र में डा भीमराव आंबेडकर भवन समेत 3 करोड़ 95 लाख की विभिन्न पेयजल योजनाओं, पाइप लाइनों के सुदृढ़ीकरण आदि कार्यों का लोकार्पण किया, साथ ही 05 करोड़ लागत की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने बालावाला क्षेत्र में पटना के बाद देश का दूसरा साइंस काॅलेज स्थापित किए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि केंद्रीय सड़क एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गड़करी ने जोगीवाला से लेकर रिस्पना पुल तक फ्लाईओवर निर्माण समेत कई महत्वपूर्ण योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की है।