मंगलवार, 23 मार्च 2021

बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें…

 संवाददाता : पटना बिहार

बिहार एक झलक मेंबिहार की प्रमुख खबरें…

बिहार दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट के जरिये मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

👉 मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार दिवस पर ‘बिहारवासियों के नाम संबोधन’ कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने प्रदेश तथा देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि बिहार का इतिहास गौरवशाली है, यहां पर बहुत से लोग ज्ञान की प्राप्ति किये हैं। हम सबको मिलकर बिहार को प्रगति की नई ऊंचाई पर पहुंचाना है ताकि लोग बिहार के प्रति गौरव महसूस कर सके। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद एवं रेणु देवी तथा शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी शामिल हुए।
 
👉 मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार म्यूजियम बिनाले, 2021 कार्यक्रम का उद्घाटन किया। साथ ही उन्होंने बिहार संग्रहालय बिनाले द्वारा तैयार की गयी ‘कॉफी टेबल किताब’ बिहार, भारत और विश्व ‘संग्रहालय संग्रह उत्सव’ के विशेष संस्करण का विमोचन किया।
 
👉 मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रख्यात चर्म रोग विशेषज्ञ एवं आई.एम.ए.,बिहार के अध्यक्ष डॉ. अमरकांत झा अमर के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वे अपनी लंबी सेवावधि में समाज के सभी तबकों के लिए नि:स्वार्थ सेवा करते हुए उनके सुलभ इलाज के लिए हमेशा तत्पर रहे। उन्होंने कहा कि उनके निधन से चिकित्सा जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों को दु:ख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
 
👉 मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सारण जिले के पानापुर प्रखंड में करचोलियां गांव स्थित गंडक नदी के सारण तटबंध पर चल रहे कटावरोधी कार्य का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि तटबंध को मजबूती प्रदान करने का काम तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को कई सुझाव भी दिया ताकि तटबंध को मजबूत और सुरक्षित बनाया जा सके।
 
👉 जहानाबाद के जिला पदाधिकारी नवीन कुमार के नेतृत्व में बिहार दिवस के अवसर पर अरवल मोड़ से कारगिल चौक तक पदाधिकारियों एवं छात्र-छात्राओं के द्वारा प्रभात फेरी का आयोजन किया गया।
 
👉 बेगूसराय के जिला पदाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा ने सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों के साथ कोविड-19 की रोकथाम हेतु समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने कोविड-19 टीकाकरण में प्रगति लाने का निर्देश दिया।
 
👉 मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी प्रणव कुमार के दिशा-निर्देशन में ए.ई.एस./चमकी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण हेतु विभिन्न महादलित टोलों में होर्डिंग के माध्यम से जन-जागरूकता अभियान चलाया गया।
 
👉 सहरसा के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बिहार दिवस के अवसर पर सभी जीविका दीदियों के बीच मुख्यमंत्री के संदेश पत्र का वितरण किया।
 
👉 समस्तीपुर के जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर के निर्देश पर सभी प्रखंड के वरीय पदाधिकारियों द्वारा जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं की दुकान का निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्यान्न आपूर्ति, स्टॉक, माप तौल यंत्र एवं अनुज्ञप्ति की वैधता की जांच की गई।
 
👉 बक्सर के जिला पदाधिकारी अमन समीर ने राजपुर प्रखंड के रसेन गांव में जिला नवप्रवर्तन योजना के तहत मधु प्रसंस्करण इकाई का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इसके लिए पूरी संरचना को विकसित करने का कार्य किया जा रहा है ताकि लोग स्वरोजगार के क्षेत्र में आत्मनिर्भर हो सके।