गुरुवार, 1 अप्रैल 2021

बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें...

 संवाददाता : पटना बिहार

बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें...

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में बिहार कैबिनेट की बैठक हुई, जिसमें कुल 35 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गयी। कैबिनेट ने अपराधिक घटनाओं से संबंधित साक्ष्य की जांच को जल्द से जल्द पूरा करने तथा घटनास्थल पर कम से कम समय में भ्रमण के उद्देश्य से बिहार राज्य में 9 क्षेत्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशालाओं की स्थापना एवं पद सृजन का फैसला लिया है। इसके साथ ही बिहार पुलिस अकादमी राजगीर में पूर्व से स्थापित क्षेत्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला के लिए राजपत्रित-अराजपत्रित कोटि के अन्तर्गत कुल 218 पदों के सृजन के प्रस्ताव पर कैबिनेट ने मुहर लगाई है।

👉 बिहार कैबिनेट ने बिहार पुलिस अकादमी राजगीर में पूर्व से स्थापित क्षेत्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला के लिए राजपत्रित-अराजपत्रित कोटि के अन्तर्गत कुल 218 पदों के सृजन के प्रस्ताव पर कैबिनेट ने निर्णय लिया है।
 
👉 मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अररिया के पलासी थाना क्षेत्र के कबैया गांव में 6 बच्चों की जलकर मौत हो जाने पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना काफी दु:खद है और वह इस घटना से मर्माहत हैं। उन्होंने मृत बच्चों के परिजनों को अविलंब 4-4 लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है। साथ ही उन्होंने मृत बच्चों के परिजनों को दु:ख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
 
👉 पटना और बेगूसराय के जिलाधिकारी ने संयुक्त रूप से मोकामा अंचल अंतर्गत मरांची गांव के कसहा दियारा में एन.टी.पी.सी., बरौनी के ऐश डाइक निर्माण हेतु स्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया।
 
👉 सहरसा के जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में (डिस्ट्रिक्ट एंपैनलमेंट कमिटी) आयुष्मान भारत की बैठक हुई। इस दौरान नगर स्थित दो निजी अस्पतालों को आयुष्मान भारत के अंतर्गत सम्बद्ध करने का निर्णय लिया गया।
 
👉 पूर्णिया के जिला पदाधिकारी राहुल कुमार ने जिला आपदा कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने आपदा संबंधी कार्य की योजना को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिया।
 
👉 वैशाली की जिलाधिकारी उदिता सिंह ने विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान, हाजीपुर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया।
 
👉 बक्सर के जिला पदाधिकारी अमन समीर की अध्यक्षता में जिले में कोविड-19 संक्रमण की जांच एवं वैक्सीनेशन से संबंधित अद्यतन स्थिति की समीक्षा बैठक की गई। इस मौके पर उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं चिकित्सकगण मौजूद रहे।