मंगलवार, 13 अप्रैल 2021

उत्तराखंड एक झलक में, उत्तराखंड की प्रमुख खबरें…

 संवाददाता : देहरादून उत्तराखंड 

उत्तराखंड एक झलक में, उत्तराखंड की प्रमुख खबरें

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने सोमवार को सचिवालय में खेल विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास एवं खिलाड़ियों को हर सम्भव सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संकल्पबद्ध है। राज्य में योजनाबद्ध तरीके से खेल सुविधाओं को विकसित कर खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण देने के प्रयास किए जा रहे हैं।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने राज्य में प्रस्तावित 38वें राष्ट्रीय खेलों हेतु अवस्थापना सुविधाओं का विकास पूरी गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की खेल नीति को प्रभावी रूप से संचालित करते हुए प्रदेश को खेलों के मानचित्र में देश के प्रथम 05 राज्यों में स्थापित करना उद्देश्य होना चाहिए।

सचिवालय में आयोजित पत्रकारों से वर्चुअली बातचीत में मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि आज हुए शाही स्नान में अखाड़ों के संत समाज से लेकर लाखों की तादाद में श्रद्धालुओं ने हरिद्वार कुंभ 2021 में डुबकी लगाकर पुण्य लाभ कमाया। उन्होंने कहा कि सोमवती अमावस्या पर हुए दूसरे शाही स्नान को लेकर श्रद्धालुओं में बहुत उत्साह रहा। सुबह आठ बजे तक ही 15 लाख श्रद्धालु स्नान कर चुके थे।

उन्होंने कहा कि ऐसी उम्मीद है कि शाही स्नान के समापन तक करीब 35 लाख श्रद्धालु स्नान कर लेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड की विपरीत परिस्थितियों में हो रहे कुंभ के आयोजन में चुनौतियां बहुत हैं। लेकिन हमारी सरकार ने उस चुनौती का स्वीकार किया है और कुंभ को दिव्यता और भव्यता के साथ सुरक्षित ढंग से संपंन कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के साथ केंद्रीय मंत्री डॉ। महेंद्र नाथ पांडे , केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ.रमेश पोखरियाल निशंक, कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार, भारत सरकार राज कुमार सिंह , प्रदेश के कौशल विकास मंत्री डॉ हरक सिंह रावत, एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक की वर्चुअल उपस्थिति में कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय भारत सरकार द्वारा हरिद्वार कुंभ मेले में स्किल इंडिया पैवेलियन का डिजिटल लॉन्च कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने महिला स्वयं सहायता समूहों के कौशल विकास के साथ ही आत्मनिर्भर भारत और वोकल फॉर लोकल पर खासतौर पर ध्यान देने की जरूरत पर बल दिया। कहा कि स्किल इंडिया पैवेलियन के द्वारा देश के युवाओं का कौशल विकास होगा और वे एक नए भारत के निर्माण में अपना योगदान देंगे।

प्रदेश के सैनिक कल्याण, औद्योगिक विकास, एम.एस.एम.ई. तथा खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री एवं मसूरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक गणेश जोशी ने वर्चुअल माध्यम से देव सुमन नगर मण्डल के वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारियों एवं पार्षदगणों से विकास कार्यो की प्रगति एवं इनमें आ रही समस्याओं पर वार्ता की। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि कोविड संक्रमण के दौर में सभी पदाधिकारी एवं पार्षदगण अपना ध्यान रखें और कोविड नियमावली का अनिवार्य तौर पर पालन करें। उन्होनें सभी पदाधिकारियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके द्वारा किये जा रहे हवन-पूजन एवं मंगलकामनाओं के कारण वह अब बिल्कुल स्वस्थ हैं।

उन्होंने पार्षदों को कहा कि समय कम है इसलिए हमें 20-20 खेलना है। काबीना मंत्री ने वार्डो में सड़कों, विद्युत, पेयजल, सीवर, सामुदायिक भवन आदि से सम्बन्धित आम नागरिकों की समस्याओं को जाना तथा उनका समाधान निकाला और जलसंस्थान, विद्युत एवं नगर निगम के अधिकारियों को दूरभाष पर निर्देशित कर सम्बन्धित समस्याओं का निस्तारण करने को कहा। उन्होंने चिड़ोवाली में विधायक निधि से 10 लाख एवं आर्यनगर में 10 लाख दिये जाने की घोषणा भी की। मण्डल अध्यक्ष पूनम नौटियाल एवं सभी पार्षदों ने कैबिनेट मंत्री के अतिशीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। वर्चुअल बैठक में भाजपा मण्डल अध्यक्ष पूनम नौटियाल, महामंत्री सुरेन्द्र राणा, राकेश जोशी, पार्षद संजय नौटियाल, योगेश, चुन्नीलाल, नन्दनी शर्मा, विमलेश ठाकुर, सुन्दर सिंह कोठाल आदि उपस्थित रहे।