बुधवार, 25 दिसंबर 2019

दिल्ली को जाम मुक्त आश्रम का सीएम ने दिया तोहफा, डीएनडी तक फ्लाईओवर व अंडरपास का शिलान्यास...

संवाददाता : नई दिल्ली 


      मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को दिल्ली को बड़ा तोहफा दिया। उन्होंने आश्रम फ्लाई ओवर विस्तार व अंडरपास योजना का शिलान्यास किया। इस फ्लाई ओवर के बन जाने से नोएडा व गाजियाबाद के साथ दिल्ली के अन्य हिस्सों से दक्षिणी दिल्ली के लिए आने-जाने वाले लाखों लोगों को जाम से मुक्ति मिल सकेगी। योजना के तहत रिंग रोड पर आश्रम फ्लाई ओवर को डीएनडी फ्लाई ओवर तक विस्तार दिया जाएगा।


छह लेन के इस फ्लाई ओवर में तीन लेन आश्रम से डीएनडी जाने के लिए होगी और तीन लेन डीएनडी से आश्रम आने के लिए बनाई जाएगी। इसके अलावा, आश्रम फ्लाई ओवर से सरायं काले खां जाने के लिए तीन लेन का डाउन रैंप और आइटीओ व सराय काले खां से दक्षिणी दिल्ली जाने वाले वाहनों के लिए तीन लेन का अप रैंप डीएनडी लूप से इस फ्लाई ओवर के लिए बनाया जाएगा। करीब 128.25 कोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले इस फ्लाई ओवर का काम एक साल के अंदर पूरा कर लिया जाएगा।




दिल्ली की ट्रैफिक व्यवस्था की प्लानिंग करेगी एक एजेंसी : अरविंद केजरीवाल

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली देश की राजधानी है। अपनी राजधानी के अंदर सबसे अच्छी सुविधा होनी चाहिए। सारी चीजें अच्छी होनी चाहिए। हमने स्कूल अच्छे कर दिए। अस्पताल अच्छे कर दिए। महिलाओं के लिए डीटीसी का किराया फ्री कर दिया। अब हमें पूरी दिल्ली का ट्रैफिक भी ठीक करना है। उसके लिए हमारी सरकार ने योजना बनाई है। हम पूरी दिल्ली में ट्रैफिक व्यवस्था की प्लानिंग करने की जिम्मेदारी एक एक एजेंसी को दे रहे हैं। वह एजेंसी पूरी दिल्ली के अंदर जहां-जहां पर प्रतिदिन ट्रैफिक जाम लगते है, उन सभी प्वाइंटों की लिस्ट बनाएगी। दिल्ली में सड़के बहुत चौड़ी हैं, लेकिन फिर भी टैफिक जाम होता है। कहीं चार लेन की सड़क है। वह अचानक तीन लेन की हो जाती है और फिर अचानक वह छह लेन की हो जाती हैै। कई जगह सड़क का डिजाइन ठीक नहीं है। 


आश्रम अंडरपास निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया संपन्न

लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता पीके वत्स ने बताया कि आश्रम फ्लाई ओवर विस्तार योजना के अंतर्गत प्रस्तावित अंडरपास की टेंडर प्रक्रिया संपन्न हो गई है। यह अंडरपास आश्रम चौके पर बनाया जाएगा। अंडरपास के निर्माण में करीब 78 करोड़ रुपये खर्च आएगा। यह अंडरपास अगले एक साल में बना दिया जाएगा। करीब 410 मीटर लंबा अंडरपास चार लेन का होगा। करीब 41 प्रतिशत ट्रैफिक इस अंडरपास का इस्तेमाल करेगी। वहीं, फ्लाई ओवर के निर्माण पर करीब 128.95 करोड़ रुपये खर्च आएगा। इसका निर्माण भी अगले एक साल में पूरा कर लिया जाएगा। यह फ्लाई ओवर आश्रम से डीएनडी तक छह लेन का होगा। सराय काले खां के लिए रैंप बनाया जाएगा। इसी तरह आइटीओ से आश्रम के लिए भी रैंप बनाया जाएगा। यह रैंप करीब 1400 मीटर लंबा होगा। इसके अलावा, पैदल यात्रियों के लिए सब-वे बनाया जाएगा।

सर्वोदय कन्या विद्यालय में नए क्लास रूम का शिलान्यास

मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को हरी नगर स्थित सर्वोदय कन्या विद्यालय में नए क्लास रूम बनाए जाने का शिलान्यास किया। इस विद्यालय में सरकार 84 नए क्लास रूम बनाएगी। इससे विद्यालय में पढ़ रहे विद्यार्थियों की शिक्षा में आ रही समस्या दूर हो सकेगी।

इनका होगा निर्माण

- 6 लेन का आश्रम विस्तार फ्लाईओवर
- 3 लेन रैंप साउथ दिल्ली से सराय कालेखां जाने के लिए रैंप
- 3 लेन रैंप आईटीओ व सराय कालेखां से साउथ दिल्ली जाने के लिए
- महारानी बाग रेड लाईट पर पैदल यात्रियों के लिए सब वे
- फ्लाईओवर पर एलईडी लाईट
- पिलर पर आर्ट वर्क
- रैंप समेत कुल लंबाई 1425 मीटर

पीक आवर में प्रति घंटे इतने वाहनों को होगा फायदा



कुल वाहन - लगभग 13500

नोएडा व गाजियाबाद से आने वाले वाहन -  लगभग 7500

दिल्ली के अन्य हिस्से से साउथ दिल्ली जाने वाले वाहन - लगभग 6000

डीएनडी लूप से आश्रम चौराहे तक रिंग रोड पर लगता है लंबा जाम

अभी नोएडा व गाजियाबाद से साउथ दिल्ली आने-जाने वाले वाहनों को डीएनडी लूप से आश्रम चौराहे तक जाने के लिए जाम से जूझना पड़ता है। साथ ही आईटीओ व सराय कालेखां से साउथ दिल्ली जाने वालों को जाम से दो-चार होना पड़ता है। लोगों को कई बार दफ्तर आने-जाने में देर हो जाती है। साथ ही देश का ईंधन बर्बाद होता है। कई बार लोगों को इस चौराहे तक जाने में आधे घंटे का समय भी लग जाता है। इससे लाखों लोगों को परेशानी होती थी। अब आश्रम विस्तार फ्लाईओवर योजना से लाखों लोगों को फायदा होगा।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निर्देश पर तैयार हुआ प्लान

मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल ने आश्रम फ्लाईओवर के पास लगने वाले जाम से निपटने के लिए प्लान बनाने का निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिया था। जिसके बाद लोक निर्माण विभाग ने फिजिब्लिटी रिपोर्ट तैयार कराई। जिसमें आश्रम फ्लाईओवर को विस्तार देने की बात सामने आई। इससे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अवगत कराया गया। उन्होंने तत्काल फ्लाईओवर को विस्तार देने की योजना बनाने को कहा। जिसके बाद बृहस्तपतिवार को लोक निर्माण विभाग ने कैबिनेट में फ्लाईओवर विस्तार की योजना रखी। जिसे कैबिनेट ने पिछले दिनों मंजूरी दे दी थी।

किलोकरी से सड़क पार करने के लिए नहीं लगाना होगा 4 किलोमीटर का चक्कर

आश्रम विस्तार फ्लाईओवर के निर्माण के बाद किलोकरी से सड़क पार करने के लिए चार किलोमीटर का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। अब किलोकरी से रिंग रोड पर केवल डेढ़ सौ मीटर चलने के बाद यू टर्न लेकर वाहन चालक सड़क पार कर सकेंगे। साथ ही वह महारानी बाग या साउथ दिल्ली की ओर जा सकेेंगे।
इसी तरह महारानी बाग से सराय कालेखां, नोएडा, आईटीओ व गाजियाबाद जाने के लिए एक किलोमीटर का चक्कर नहीं लगाना होगा। अब रिंग रोड पर डेढ़ सौ मीटर चलकर यू टर्न लेकर गंतव्य की ओर वाहन चालक जा सकेंगे।

रिंग रोड पर सड़क पार करने के लिए हजारों पैदल यात्रियों को जान जोखिम में डालना नहीं पड़ेगा

अभी रिंग रोड पर सड़क पार करने के लिए महारानी बाग रेड लाईट का पैदल यात्री सहारा लेते हैं। इस योजना के बाद रेड लाईट को खत्म कर दिया जाएगा। साथ ही वहां पैदल यात्रियों के लिए सब वे का निर्माण होगा। जिसके सहारे पैदल यात्री बगैर रूके सुरक्षित रूप से आ-जा सकेंगे।

यह भी होगा फायदा

- नोएडा व गाजियाबाद से एम्स, सफदरजंग, एस्कार्ट, अपोलो अस्पताल आने-जाने वाले यात्रियों को अभी जाम में जूझना पड़ता है। इस योजना के बाद लोग बगैर जाम में फंसे आ-जा सकेंगे।
- आईटीओ व सराय काले खां से साउथ दिल्ली आने-जाने वाले लोगों को भी जाम में नहीं जूझना होगा।
- प्रति दिन हजारों लीटर ईंधन की बचत होगी।
- लोग समय से दफ्तर जा सकेंगे।