रविवार, 31 जनवरी 2021

राज्य सरकार ने 8 फरवरी से छठी से आठवीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को खोलने की अनुमति दी...

 संवाददाता : पटना बिहार

बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें  :

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के मौके पर राज्यपाल फागू चौहान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना स्थित गांधी घाट पहुंचे। यहां आयोजित राजकीय समारोह में बापू को श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि बापू के विचार को मानकर ही समाज को आगे बढ़ाने की वह कोशिश कर रहे हैं।

👉राज्य सरकार ने कुछ शर्तों के साथ 8 फरवरी से छठी से आठवीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को खोलने की अनुमति दे दी है। एक दिन में 50 प्रतिशत बच्चे ही स्कूल आएंगे। शेष 50 प्रतिशत बच्चे दूसरे दिन आएंगे। अब सभी शिक्षक भी प्रतिदिन स्कूल आएंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर मुख्य सचिव दीपक कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की बैठक में यह निर्णय लिया गया है।
 
👉कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए केंद्र सरकार की गाइडलाइन बिहार में भी जारी रहेगी। मुख्यमंत्री के निर्दश पर गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव आमिर सुबहानी ने शुक्रवार को इसके संबंध में आदेश जारी कर दिया है। गृह मंत्रालय द्वारा कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए 27 जनवरी को दिशा-निर्देश जारी किया गया था। यह आदेश 28 फरवरी तक के लिए लागू किया गया है। सभी विभागों और क्षेत्रीय प्रशासन के सभी अधिकारियों को इसका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है।
 
👉पटना के जिलाधिकारी ने धान अधिप्राप्ति कार्य के सफल एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित कराने हेतु बिहटा प्रखंड के सी.एम.आर. गोदाम, मिल और पैक्स का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इच्छुक किसानों से धान क्रय कर भुगतान में तेजी लाने का निर्देश दिया।
 
👉जहानाबाद के जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने अमैन पैक्स, रतनी पैक्स एवं कन्सुआ पैक्स गोदाम का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने क्षेत्र भ्रमण कर किसानों से धान अधिप्राप्ति की जानकारी ली।
 
👉मोतिहारी के जिलाधिकारी शीर्षत कपिल अशोक ने छौड़ादानो प्रखंड के तिनकोनी राइस मिल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौजूद किसानों से बातचीत की तथा पैक्स अध्यक्ष, मिलर और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
 
👉नवादा के जिला पदाधिकारी यशपाल मीणा ने गोविंदपुर प्रखंड में धान अधिप्राप्ति कार्य से संबंधित पैक्स गोदाम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निबंधित किसानों से मुलाकात कर धान बिक्री के लिए उन्हें प्रेरित किया।
 
👉भोजपुर के जिलाधिकारी एवं जिला सहकारिता पदाधिकारी ने सरथुआं, उदवंतनगर एवं सोनपुर पैक्स का निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने सभी पैक्स अध्यक्षों को अधिक से अधिक किसानों से धान का क्रय करने का निर्देश दिया।
 
👉गया के जिला पदाधिकारी अभिषेक सिंह ने गुरारू प्रखंड अंतर्गत देवकली, डीहा एवं घटेरा पंचायत के पैक्सों द्वारा क्रय किये जा रहे धान का जायजा लिया। उन्होंने स्वयं सभी पंजियों की जांच की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
 
👉किशनगंज के जिलाधिकारी डॉ. आदित्य प्रकाश की अध्यक्षता में जिला अभियोजन एवं जिला स्तरीय एम्पावर्ड कमेटी की बैठक की गई। इस मौके पर एसपी, जिले के सभी अभियोजन पदाधिकारी, डीपीओ, पीपी तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी थानाध्यक्ष उपस्थित रहे।
 
👉अररिया के जिलाधिकारी प्रशांत कुमार सी.एच. ने जिला परिवहन कार्यालय परिसर में मुख्यमंत्री ग्रामीण परिवहन योजना के तहत प्रखंडवार 7वें चरण में कुल 127 लाभुकों को अनुदानित वाहनों की चाबी सौंपी। उन्होंने कहा कि यह काफी महत्वकांक्षी योजना है।
 
👉सहरसा के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना, सोलर स्ट्रीट लाइट, पंचायत सरकार भवन निर्माण और पंचायत चुनाव की तैयारी व अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।